जनदर्शन में मिला त्वरित न्याय, स्व सहायता समूह की महिलाओं को मिला 72 हजार रुपये का लंबित भुगतान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
तीन वर्षों से लंबित पारिश्रमिक का भुगतान मिलने से महिलाओं में खुशी, कलेक्टर ने मौके पर किया समाधान
मुंगेली ACGN:- जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन एक बार फिर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच साबित हुआ। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान विकासखंड पथरिया के ग्राम सेंदरी की शीतला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत पिछले तीन वर्षों से लंबित पारिश्रमिक के भुगतान की मांग रखी। समूह की महिलाओं ने बताया कि वे गांव में साफ-सफाई, कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण कार्य लगातार कर रही थीं, लेकिन उन्हें तीन वर्षों से भुगतान नहीं मिला था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर ही समस्या का निराकरण करते हुए समूह को 72 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। वर्षों से लंबित भुगतान मिलने पर महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनदर्शन के माध्यम से उन्हें न्याय मिला और उनकी पुरानी समस्या का समाधान हुआ।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं के अंतर्गत कार्य करने वाले हितग्राहियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी हितग्राही का भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित न रहे तथा सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निराकरण किया जाए।

जनदर्शन के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य आवेदनों पर भी सुनवाई की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


