विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा, पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का दिया संदेश
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के अंतर्गत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप सहित सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज देशव्यापी जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि मां के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति उत्तरदायित्व का प्रतीक है। जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है तो उसके संरक्षण के प्रति भी भावनात्मक रूप से जुड़ जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा परिसर से दिया गया यह संदेश पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा करेगा। उन्होंने इस पहल के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि आज विश्व जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, अनियमित वर्षा और जैव विविधता के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में वृक्षारोपण मानव जीवन, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वन संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन के लिए जनभागीदारी आधारित अभियानों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान प्रदेश के प्रत्येक गांव, शहर और परिवार तक पहुंचेगा तथा प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं तथा प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग श्री मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री अरुण पाण्डेय सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


