बारिश में खूबसूरती के साथ खतरा भी, प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
देवपहरी, परसखोला, केंदई, फुटहामुड़ा, सतरेंगा सहित सभी जलप्रपातों और पिकनिक स्थलों पर बरसात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील।
कोरबा ACGN :- मानसून के आगमन के साथ कोरबा जिले के जलप्रपात, जंगल और प्राकृतिक पर्यटन स्थल अपनी मनमोहक छटा के कारण पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। पहाड़ों से उतरती जलधाराएं, हरियाली से आच्छादित वन क्षेत्र और झरनों का सौंदर्य लोगों को अपनी ओर खींचता है, लेकिन प्रशासन ने आगाह किया है कि बरसात के मौसम में यही प्राकृतिक स्थल कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।

प्रशासन ने बताया कि तेज बारिश के दौरान जलप्रपातों और नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। ऊपर के क्षेत्रों में हुई वर्षा का पानी बिना किसी पूर्व संकेत के तेज बहाव के साथ नीचे पहुंच सकता है। पानी के भीतर छिपी गहरी खाइयां, फिसलन भरी चट्टानें, तेज धाराएं और अदृश्य गड्ढे किसी भी छोटी सी लापरवाही को गंभीर दुर्घटना में बदल सकते हैं।

बरसात के दिनों में देवपहरी, परसखोला, केंदई, फुटहामुड़ा, सतरेंगा, नकिया सहित जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग परिवार और मित्रों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। कई लोग झरनों के समीप जाकर नहाने, चट्टानों पर चढ़कर फोटो और वीडियो बनाने अथवा सेल्फी लेने का प्रयास करते हैं, जो दुर्घटना का बड़ा कारण बनता है।

प्रशासन ने बताया कि पिछले वर्षों में जिले में कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं, जिनमें छात्र, युवा और पर्यटक तेज बहाव में बह गए या फिसलकर गहरे पानी में चले गए। इन घटनाओं से सीख लेते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे प्रकृति की सुंदरता का आनंद सुरक्षित दूरी से लें और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।
बारिश के मौसम में चट्टानों पर काई जम जाने से वे अत्यधिक फिसलन भरी हो जाती हैं। कई स्थानों पर पानी के भीतर गहरे गड्ढे और तेज धाराएं होती हैं, जिनका अंदाजा बाहर से नहीं लगाया जा सकता। प्रशासन द्वारा विभिन्न पर्यटन स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं तथा पुलिस, नगर सेना और एसडीआरएफ लगातार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। इसके बावजूद चेतावनियों की अनदेखी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम या तेज बारिश के दौरान पिकनिक का कार्यक्रम स्थगित करें। किसी भी झरने, नदी या जलप्रपात में उतरने से बचें तथा चेतावनी बोर्ड और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें। बच्चों को अकेले पानी के समीप न जाने दें, नशे की स्थिति में पर्यटन स्थलों पर न जाएं और दुर्घटना की स्थिति में स्वयं जोखिम उठाने के बजाय तत्काल डायल 112 अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। साथ ही पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखते हुए प्लास्टिक और अन्य कचरा नहीं फैलाने की भी अपील की गई है।

प्रशासन ने कहा है कि बरसात का मौसम प्रकृति की अनुपम सौगात है, लेकिन यह सबसे अधिक सतर्क रहने का समय भी है। थोड़े से रोमांच के लिए जीवन को जोखिम में न डालें। सुरक्षित रहें, परिवार को सुरक्षित रखें और पिकनिक से केवल सुखद यादें लेकर लौटें, हादसे नहीं।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


