ऑपरेशन आघात : 24 घंटे में 5 बड़ी कार्रवाई, 94 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
तमनार, छाल और खरसिया क्षेत्र में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वाले 12 लोगों पर भी कार्रवाई
रायगढ़ ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध जिलेभर में व्यापक अभियान चलाते हुए पिछले 24 घंटे में पांच बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान थाना तमनार, थाना छाल एवं चौकी खरसिया क्षेत्र से कुल 94 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले 12 व्यक्तियों के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
थाना तमनार पुलिस ने ग्राम बांधापाली में मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर मिनकेतन यादव (34 वर्ष) को उसके घर की बाड़ी से 17 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
इसी प्रकार ग्राम डोलेसरा उरांव मोहल्ला में दिलबोध तिग्गा (26 वर्ष) को अवैध महुआ शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर जब्त की और वैधानिक कार्रवाई की।

थाना छाल पुलिस ने ग्राम खर्रा में मार्शल धनवार (19 वर्ष) को उसके घर के पीछे इमली के पेड़ के नीचे अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 35 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 हजार रुपये बताई गई है।
चौकी खरसिया पुलिस ने मालधक्का रेक प्वाइंट के पास लगातार दो कार्रवाई करते हुए अजय साहू (43 वर्ष) के कब्जे से 12 लीटर तथा रामजाने साहू (19 वर्ष) के कब्जे से 14 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध अभियान के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया। तमनार क्षेत्र में सात, छाल क्षेत्र में तीन तथा कोतरारोड़ क्षेत्र में दो व्यक्तियों सहित कुल 12 लोगों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध जिलेभर में लगातार सघन अभियान जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। समाज में अपराध और अव्यवस्था को बढ़ावा देने वाली ऐसी गतिविधियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


