46.100 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय सप्लाई चेन ध्वस्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो महिलाओं समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, 24 लाख रुपये का मादक पदार्थ व वाहन जब्त
रायपुर ACGN :- रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 46.100 किलोग्राम गांजा के साथ दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो मोबाइल फोन तथा एक सुजुकी एक्सेस वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप कुमार पटेल के संयुक्त निर्देशन एवं निगरानी में की गई। 11 जुलाई को एएनटीएफ को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना टिकरापारा क्षेत्र के कमल विहार रोड स्थित शिव मंदिर के सामने नीलगिरी प्लांटेशन के पास कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर सप्लाई करने आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। कुछ समय बाद एक महिला सहित तीन संदिग्ध व्यक्ति सुजुकी एक्सेस वाहन क्रमांक सीजी 04 पीएम 6217 के साथ वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतु टंडन निवासी पंडरी, रायपुर बताए। वाहन की तलाशी लेने पर तीन बोरियों और एक थैले में कुल 46.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामले की बैकवर्ड लिंकेज की जांच शुरू करते हुए सप्लाई नेटवर्क तक पहुंच बनाई। पुलिस टीम ने रायपुर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दो और आरोपियों बनमाली तांडी तथा अनु तांडी, निवासी जिला कालाहांडी (ओडिशा) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन को उपलब्ध कराते थे, जहां से इसकी अवैध बिक्री और सप्लाई की जाती थी।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 619/26 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी)(ii)(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी कमलेश सोनवानी के विरुद्ध रायपुर एवं महासमुंद जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस अधिनियम के लगभग चार मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं राजा टंडन के खिलाफ ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज है, जिसमें वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के माध्यम से गांजा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त किया गया है। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


