विश्व जनसंख्या दिवस पर जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का शुभारंभ, मंत्री राजेश अग्रवाल ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
11 से 18 जुलाई तक जिलेभर में परिवार नियोजन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जनसंख्या स्थिरता पर चलेंगे जागरूकता अभियान
सरगुजा ACGN :- विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, छोटे परिवार के महत्व तथा जनसंख्या स्थिरता से जुड़े संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ परिवार ही समृद्ध समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरता केवल जनसंख्या नियंत्रण का विषय नहीं, बल्कि माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, परिवार की आर्थिक उन्नति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समाज के संतुलित विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि परिवार नियोजन अपनाकर बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतर रखें, जिससे आने वाली पीढ़ी स्वस्थ, शिक्षित और सक्षम बन सके।
मंत्री ने कहा कि राज्य शासन परिवार नियोजन से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाएं और साधन स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की भ्रांतियों से दूर रहकर स्वास्थ्य विभाग की वैज्ञानिक और सुरक्षित सेवाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छोटा, स्वस्थ और शिक्षित परिवार ही आत्मनिर्भर समाज की पहचान है तथा जनसंख्या स्थिरता के माध्यम से मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर और कुपोषण जैसी समस्याओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि 11 से 18 जुलाई तक आयोजित जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के दौरान जिलेभर में परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों की उपलब्धता तथा छोटे परिवार के लाभों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य संस्थानों में इच्छुक दंपत्तियों को निःशुल्क परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा कॉपर-टी, गर्भनिरोधक गोलियां, कंडोम सहित अन्य परिवार नियोजन साधनों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सही उम्र में विवाह, पहले बच्चे के जन्म में उचित अंतराल तथा दो बच्चों के बीच पर्याप्त समय रखने जैसे विषयों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सास-बहू सम्मेलन, घर-घर संपर्क अभियान और परामर्श कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को, डॉ. ओ.पी. प्रसाद, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
हमारी टीम का हिस्सा बनने तथा अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


