पाठ्यपुस्तकों में 1,678 त्रुटियों पर अब आपराधिक जांच, मुख्यमंत्री के निर्देश पर क्राइम ब्रांच करेगी जांच
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर, ओडिशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- ओड़िशा ब्यूरो स्वामी विजयानंद जी महाराज
सरकारी स्कूलों की कक्षा 1 से 8 की पुस्तकों में गंभीर त्रुटियों का मामला गरमाया, दोषियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश
भुवनेश्वर ACGN :- ओडिशा के सरकारी स्कूलों की कक्षा 1 से 8 तक की पाठ्यपुस्तकों में सामने आई 1,678 त्रुटियों के मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर रूप ले लिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर इस पूरे मामले की आपराधिक जांच कराई जाएगी। इसके लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निदेशक को क्राइम ब्रांच के पुलिस अधीक्षक के समक्ष एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य सरकार का कहना है कि केवल विभागीय कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। यह पता लगाया जाना आवश्यक है कि इतनी बड़ी संख्या में त्रुटियां किन परिस्थितियों में हुईं और कहीं इसके पीछे किसी प्रकार की सुनियोजित साजिश तो नहीं थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि बच्चों की शिक्षा और भविष्य से जुड़े इस गंभीर मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मामला सामने आने के बाद सरकार ने विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की थी। समिति को पाठ्यपुस्तकों की तैयारी, संपादन, प्रूफ रीडिंग, अनुमोदन और प्रकाशन की पूरी प्रक्रिया की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान करने का दायित्व सौंपा गया था।

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार ने एससीईआरटी के तत्कालीन निदेशक मनोज पाढ़ी सहित तीन सहायक निदेशकों को निलंबित कर दिया है। वहीं छह अन्य सहायक निदेशकों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की गई है। सरकार का कहना है कि जांच के आधार पर प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।

इस बीच विपक्षी बीजू जनता दल (बीजेडी) ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है और विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन किए हैं। पार्टी का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में त्रुटियां शिक्षा विभाग की गंभीर विफलता का संकेत हैं तथा मामले में राजनीतिक जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। बीजेडी ने शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग भी उठाई है।
फिलहाल अब इस पूरे मामले की क्राइम ब्रांच जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि त्रुटियां महज लापरवाही का परिणाम थीं या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
प्रदीप मिश्रा (प्रधान संपादक)
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


