ऑपरेशन क्लीन हंट में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 300 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड शुभम यादव गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
पिछले माह 1.86 करोड़ रुपये की गांजा खेप पकड़ाने के बाद फरार था मुख्य आरोपी, साइबर एवं लैलूंगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दबोचा गया
रायगढ़ ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एनडीपीएस मामलों में एंड-टू-एंड कार्रवाई के तहत संचालित “ऑपरेशन क्लीन हंट” के अंतर्गत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगभग 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित प्रकरण के मुख्य मास्टरमाइंड शुभम यादव को थाना साइबर एवं थाना लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की बड़ी खेप जब्त की थी। इस कार्रवाई में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा, परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा एवं मारुति सुजुकी एक्सएल-6, पांच मोबाइल फोन सहित कुल 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की थी।
गिरफ्तार आरोपियों निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप एवं धर्मेन्द्र कुमार मौर्य से पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पूरे तस्करी नेटवर्क का संचालन शुभम यादव के साथ मिलकर किया जा रहा था। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना साइबर एवं थाना लैलूंगा पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार निगरानी रखी।
पुलिस को 8 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि आरोपी एक किआ कार से रायगढ़ क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही थाना साइबर की टीम ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही आरोपी तेज रफ्तार से वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर नाकेबंदी की गई। थाना साइबर एवं थाना लैलूंगा की संयुक्त टीम ने लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित कुंजारा के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव (29 वर्ष), पिता लखनलाल यादव, निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से किआ कार क्रमांक CG-10 BE-5998, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है, एक मोबाइल फोन, घड़ी, 3 हजार रुपये नकद, वाहन की आरसी, चाबी एवं तीन एटीएम कार्ड सहित कुल 10.17 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस आरोपी से गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, उसके सहयोगियों तथा आर्थिक लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा के अपराध क्रमांक 184/2026 में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस एनडीपीएस के प्रत्येक प्रकरण में केवल गांजा जब्त कर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क, वित्तीय लाभ लेने वालों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा एवं डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में निरीक्षक विजय चेलक (थाना प्रभारी साइबर), उप निरीक्षक गिरधारी साव (थाना प्रभारी लैलूंगा) सहित थाना साइबर एवं थाना लैलूंगा के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़, हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


