लेन-देन के विवाद में युवक से मारपीट कर कार लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, घरघोड़ा पुलिस ने 10 लाख की कार बरामद की
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
वारदात के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़ ACGN:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी गंभीर अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने लेन-देन के विवाद में युवक से मारपीट कर उसकी कार लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की मारुति सुजुकी एक्सएल-6 कार बरामद कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम भेण्ड्रा, थाना घरघोड़ा निवासी गजपति राम राठिया (29 वर्ष) ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में उसके परिवार ने अपनी पैतृक भूमि का सौदा घरघोड़ा निवासी बेलाल अहमद से 7 लाख रुपये में किया था। सौदे के एवज में आरोपी ने 3.50 लाख रुपये अग्रिम दिए थे। कुछ माह बाद आरोपी ने भूमि खरीदने से इंकार करते हुए अग्रिम राशि वापस मांगी। आपसी परिचय का लाभ उठाकर उसने प्रार्थी की मारुति सुजुकी एक्सएल-6 कार मांगकर ले ली और लगभग सात माह तक अपने कब्जे में रखी। बाद में प्रार्थी द्वारा अपनी भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर आरोपी को 2.50 लाख रुपये लौटाने पर उसने कार वापस कर दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार लेन-देन में केवल 1 लाख रुपये शेष रहने के बावजूद आरोपी लगातार 10 लाख रुपये की मांग करता रहा। वह प्रार्थी के घर पहुंचकर गाली-गलौज, धमकी और जान से मारने की बात कहकर दबाव बनाता था।

पुलिस के मुताबिक 6 जुलाई 2026 को गजपति राम राठिया अपने साथी रामसाय साव उर्फ विक्की के साथ कारगिल चौक, घरघोड़ा के पास खड़ा था। इसी दौरान बेलाल अहमद वहां पहुंचा और बकाया राशि को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगा। विरोध करने पर उसने प्रार्थी की कार की चाबी जबरन छीन ली और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 (क्रमांक CG-04-QD-4132) लेकर फरार हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2), 308(5) एवं 309(6) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी बेलाल अहमद, पिता कमाल अहमद, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12, प्रेमनगर, घरघोड़ा को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर लूटी गई मारुति सुजुकी एक्सएल-6 कार, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये है, बरामद कर जब्त की गई।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि लेन-देन से जुड़े विवादों का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए। हिंसा, मारपीट या जबरन किसी की संपत्ति छीनने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस त्वरित और कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक खेमराज पटेल तथा आरक्षक दिनेश सिदार एवं बसंत तिर्की की सराहनीय भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़, हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें, अपने क्षेत्र के समाचार एवं विज्ञापन प्रसारण हेतु संपर्क करें : 7647981711, 9303948009
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


