अरुण साव के निर्देश का असर: 308 करोड़ के केशकाल बायपास निर्माण को मिली हरी झंडी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
केशकाल घाट बायपास निर्माण को मिली रफ्तार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर 308 करोड़ के प्रोजेक्ट का कार्यादेश जारी
रायपुर ACGN:- बस्तर अंचल की बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास परियोजना को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी पहल करते हुए निर्माण कार्य को गति प्रदान कर दी है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर प्रस्तावित केशकाल घाट फोरलेन बायपास के निर्माण के लिए चयनित एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने हालिया बस्तर प्रवास के दौरान 5 जून को केशकाल घाट क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बायपास के दोनों छोरों का जायजा लिया और परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा था कि यह परियोजना बस्तर क्षेत्र के विकास, यातायात सुविधा और सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उप मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग ने आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करते हुए 11 जून को निर्माण एजेंसी को औपचारिक कार्यादेश जारी कर दिया। विभाग ने परियोजना को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
श्री अरुण साव ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के पालन तथा निर्धारित समय-सीमा में परियोजना पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि केशकाल घाट बायपास केवल बस्तर ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना है, जिससे आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 308 करोड़ रुपये की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबा फोरलेन बायपास तैयार किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में दो वृहद पुल तथा दो मध्यम पुलों का निर्माण भी शामिल है। परियोजना पूर्ण होने के बाद रायपुर से जगदलपुर मार्ग पर यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
क्षेत्रवासियों एवं बस्तर आने-जाने वाले यात्रियों को लंबे समय से इस परियोजना के पूर्ण होने का इंतजार था। कार्यादेश जारी होने के साथ अब बायपास निर्माण कार्य को नई गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

