पोस्ट मैट्रिकोत्तर छात्रावास सहित विभिन्न मांगों को लेकर केन्द्रीय गोंड महासभा ने सौंपा ज्ञापन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर जताया आभार, आदिवासी समाज की समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग
मुंगेली ACGN:- केन्द्रीय गोंड महासभा मुंगेली द्वारा आदिवासी समाज की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नाम कलेक्टर मुंगेली को ज्ञापन सौंपा गया। महासभा ने मुख्यमंत्री द्वारा मुंगेली जिले में पोस्ट मैट्रिकोत्तर आदिवासी बालक एवं बालिका छात्रावास तथा गोंडवाना की वीरांगना महारानी रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना के लिए की गई घोषणाओं पर आभार व्यक्त करते हुए इन कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर शिक्षा सत्र 2026-27 से संचालन प्रारंभ करने की मांग की है।
केन्द्रीय गोंड महासभा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र मरावी ने बताया कि मुख्यमंत्री के मुंगेली प्रवास के दौरान क्षेत्रीय विधायक पुन्नूलाल मोहले के माध्यम से समाज की मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया था। मुख्यमंत्री द्वारा समाज की प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए पोस्ट मैट्रिकोत्तर छात्रावास और रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना के लिए राशि की घोषणा की गई, जिसके लिए समाज ने धन्यवाद ज्ञापित किया है।
ज्ञापन में आदिवासी समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण और ज्वलंत मुद्दों को भी शामिल किया गया है। समाज ने आरोप लगाया है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासियों की भूमि एवं धार्मिक स्थलों पर अतिक्रमण और कब्जे की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनका समय रहते निराकरण नहीं किया जा रहा है।
महासभा ने ग्राम लौदा निवासी भगवती मरावी की भूमि के कथित फर्जी नामांतरण, ग्राम पेड्री (तोरला) में आदिवासी भूमि पर कब्जा, ग्राम जेवरा (मोतिमपुर) में देवगुड़ी स्थल पर अतिक्रमण तथा ग्राम लोकाईपुर में आदिवासी समाज के आराध्य स्थल देवगुड़ी से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि भूमि विवादों और अन्य मामलों में समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो समाज को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
जिलाध्यक्ष वीरेंद्र मरावी ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों और हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने की आवश्यकता है। वहीं जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण कुमार ध्रुव ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और सभी आदिवासी वर्गों को अपने अधिकारों के संरक्षण के लिए संगठित प्रयास करना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान केन्द्रीय गोंड महासभा एवं सर्व आदिवासी समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इनमें वीरेंद्र मरावी, जिगेश्वर ध्रुव, रिखी राम मरकाम, भरत पोर्ते, प्रेमसागर ध्रुव, मोतीराम जगत, कन्हैया, रामूलाल श्याम, मालिक मंडल, रामचरन, दीपेश सिंह छेदईहा, प्रदीप छेदईहा, गौरीशंकर ध्रुव, घनश्याम ध्रुव, ओमप्रकाश खुसरो, गंगासागर ध्रुव, मंजू केसर, श्रवण पोर्ते, जकलू नेताम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

