छात्रावासों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने छात्रावास अधीक्षक संघ ने सौंपा सामूहिक ज्ञापन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य परीक्षण, छात्रवृत्ति वृद्धि एवं अधीक्षकों की समस्याओं के निराकरण की मांग
मुंगेली ACGN:- छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ की जिला इकाई मुंगेली द्वारा छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, छात्र-छात्राओं की सुविधाओं में सुधार तथा अधीक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग मुंगेली को सामूहिक ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया।
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पहले जिले के सभी छात्रावासों में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रावास भवनों की मरम्मत, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय पर उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
बैठक के दौरान छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष चर्चा हुई। अधीक्षकों ने सुझाव दिया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सभी छात्रावासों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच हो सके और बीमारियों का प्रारंभिक स्तर पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
संघ ने आगामी सत्र 2026-27 के लिए छात्र-छात्राओं के प्रवेश संबंधी प्रक्रिया, सीट निर्धारण तथा पात्र विद्यार्थियों को समय पर प्रवेश उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की मांग की, ताकि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
छात्रावास अधीक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रदान की जाने वाली शिष्यवृत्ति राशि में वृद्धि की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि बढ़ती महंगाई और शैक्षणिक आवश्यकताओं को देखते हुए वर्तमान छात्रवृत्ति राशि पर्याप्त नहीं है। इस संबंध में उच्च स्तर पर आवश्यक पहल किए जाने का अनुरोध किया गया।
ज्ञापन के माध्यम से अधीक्षकों ने अपनी विभागीय एवं प्रशासनिक समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि संसाधनों की कमी और विभिन्न प्रशासनिक चुनौतियों के कारण छात्रावास संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण आवश्यक है।
सहायक आयुक्त ने संघ के प्रतिनिधियों की मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक बिंदुओं पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के हित सर्वोपरि हैं और विभाग द्वारा छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र निर्मलकर, जिला सचिव विनय साहू, जिला संरक्षक डी.एल. भास्कर, अश्वनी बंजारा, एच.डी. डहरिया, गंगोत्री भगत, कुंदन यादव, गरिमा दुबे, विवेक कुमार, रवीना बानो, सुरेंद्र राजपूत, विक्रम क्षत्रिय, विकास, निकिता शर्मा, ओमप्रकाश राठौर, चांदनी जयसिंघानी, रजनी रात्रे, बरखा बंजारे, प्रीति शुक्ला सहित जिले के विभिन्न छात्रावासों के अधीक्षक एवं अधीक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने छात्रावासों के विकास, विद्यार्थियों की सुविधाओं में सुधार तथा अधीक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

