मुस्कान की नाव बनी आत्मनिर्भरता की पतवार, पिलखा डैम की लहरों पर महिलाओं ने लिखी सफलता की नई इबारत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह ने बोटिंग गतिविधि से कमाई पहचान, 74 हजार रुपये की आय अर्जित कर बनी महिला सशक्तिकरण की मिसाल
सूरजपुर ACGN:- ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और संकल्प की एक प्रेरणादायक कहानी सूरजपुर जिले के पहाड़गांव स्थित पिलखा डैम से सामने आई है। जहां कभी महिलाएं केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित मानी जाती थीं, वहीं आज वे पर्यटन गतिविधियों का सफल संचालन कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। पिलखा डैम की शांत जलराशि पर दौड़ती नावें अब केवल पर्यटकों का मनोरंजन नहीं करतीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की कहानी भी बयां करती हैं।

मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सिंह और सचिव श्रीमती यशोदा दास के नेतृत्व में दस महिलाओं ने पर्यटन क्षेत्र में कदम रखते हुए बोटिंग गतिविधि की शुरुआत की। सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद समूह की महिलाओं ने अपने हौसले को मजबूत रखा और एक नई राह बनाई।
शुरुआती दौर में महिलाओं के सामने तकनीकी जानकारी की कमी, संसाधनों का अभाव और संचालन संबंधी कई कठिनाइयां थीं। लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय इन चुनौतियों को अवसर में बदला। महिलाओं ने बोटिंग संचालन, पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं के प्रबंधन की जिम्मेदारी स्वयं संभाली तथा निरंतर मेहनत के बल पर अपने प्रयासों को सफलता में बदल दिया।
आज पिलखा डैम क्षेत्र में आने वाले पर्यटक उत्साह के साथ बोटिंग का आनंद लेते हैं। इस पहल के माध्यम से मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह अब तक लगभग 74 हजार रुपये की आय अर्जित कर चुका है। इससे समूह की महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और उनके आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
समूह की सदस्य बताती हैं कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि वे पर्यटन जैसे क्षेत्र में काम करेंगी और स्वयं रोजगार का सृजन करेंगी। आज वे अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ आसपास की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि अवसर, मार्गदर्शन और विश्वास मिले तो ग्रामीण महिलाएं किसी भी क्षेत्र में सफलता का नया इतिहास रच सकती हैं। पिलखा डैम की लहरों पर चल रही यह नाव अब केवल पर्यटन का साधन नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत पहचान बन चुकी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

