नगर पंचायत शिवनन्दनपुर एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
शिवनन्दनपुर नगर पंचायत सहित जिले के विभिन्न विकासखण्डों में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक किया मतदान, लोकतंत्र के प्रति दिखाई मजबूत आस्था
सूरजपुर ACGN:- 01 जून 2026 को नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन 2026 तथा त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के तहत जिले के सभी निर्धारित मतदान केन्द्रों में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। पूरे दिन मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां लोगों ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के 15 वार्डों में अध्यक्ष एवं पार्षद पदों के लिए मतदान कराया गया, वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत विकासखण्ड सूरजपुर की ग्राम पंचायत सिलफिली में पंच पद के लिए वार्ड क्रमांक 17 तथा अनुजनगर में वार्ड क्रमांक 07 एवं 12 में मतदान संपन्न हुआ। इसी प्रकार विकासखण्ड भैयाथान की ग्राम पंचायत चुनगड़ी एवं लक्ष्मीपुर में जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण रहा। विकासखण्ड रामानुजनगर की ग्राम पंचायत परसापारा में सरपंच पद तथा सुमेरपुर में सरपंच एवं पंच पद के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा अक्षयपुर, सेन्दुरी एवं परशुरामपुर में जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए भी मतदान संपन्न हुआ। विकासखण्ड प्रतापपुर की ग्राम पंचायत पहाड़करवां में सरपंच पद हेतु मतदान आयोजित किया गया, जहां ग्रामीणों ने उत्साह के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई।

प्रशासनिक स्तर पर मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी की गई। निर्धारित सामान्य प्रेक्षक विनय कुमार अग्रवाल द्वारा विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम शिवानी जायसवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे और मतदान व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत शिवनन्दनपुर में कुल 3952 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो 85.13 प्रतिशत मतदान रहा। इसमें पुरुष मतदान प्रतिशत 85.26 तथा महिला मतदान प्रतिशत 85 रहा। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत विकासखण्डवार मतदान प्रतिशत में सूरजपुर में 84.47 प्रतिशत, भैयाथान में 56.85 प्रतिशत, प्रतापपुर में 92.02 प्रतिशत तथा रामानुजनगर में 83.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल मिलाकर चारों विकासखण्डों में 73.41 प्रतिशत मतदान संपन्न हुआ, जिसमें पुरुष मतदाता 75.04 प्रतिशत तथा महिला मतदाता 71.73 प्रतिशत शामिल रहे।

मतदान संपन्न होने के बाद कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रेना जमील ने सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और प्रशासनिक समन्वय से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की मजबूती का सकारात्मक संकेत बताया।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

