घर खाली करने के विवाद में युवक की मौत, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सीपत पुलिस और ACCU की त्वरित कार्रवाई, फरार आरोपी को गनियारी से दबोचा
बिलासपुर ACGN:- सीपत थाना क्षेत्र में घर और जमीन खाली कराने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सीपत पुलिस और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में फरार आरोपी को गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बलराम यादव (39 वर्ष), निवासी फरहदा चौक, थाना सीपत, जिला बिलासपुर है। आरोपी पर मृतक कनक पटेल को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने, अश्लील गाली-गलौज करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
प्रार्थिया परमेश्वरी पटेल ने 29 मई 2026 को थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह और उसका परिवार ग्राम फरहदा के बजरंग चौक स्थित शासकीय भूमि पर कई वर्षों से निवास कर रहे हैं। आरोप है कि पड़ोसी बलराम यादव एक बुजुर्ग महिला रामकली यादव को लेकर उनके घर पहुंचा और जमीन को रामकली यादव की बताते हुए घर खाली करने का दबाव बनाने लगा।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने घर में घुसकर अश्लील गाली-गलौज की, मारपीट की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से आहत होकर प्रार्थिया के पति कनक पटेल ने कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उपचार के दौरान 30 मई 2026 को कनक पटेल की मृत्यु हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि आरोपी द्वारा लगातार किए जा रहे उत्पीड़न और धमकियों के कारण मृतक मानसिक रूप से परेशान था। इसके आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) जोड़ी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी बलराम यादव को सीपत पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना सीपत एवं एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मामले की आगे की विवेचना जारी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






