ई-रिक्शा पंजीयन अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 6228 चालकों ने कराया रजिस्ट्रेशन, 5 जून तक अंतिम मौका
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
यातायात पुलिस का विशेष अभियान जारी, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कलेक्ट्रेट और यातायात थानों में पंजीयन सुविधा उपलब्ध
रायपुर ACGN:- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन अभियान अब तेजी पकड़ चुका है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में 20 मई 2026 से प्रारंभ किए गए इस विशेष अभियान के तहत अब तक 6228 ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों ने अपना पंजीयन कराया है। हालांकि शहर में लगभग 20 हजार से अधिक ई-रिक्शा और ऑटो संचालित होने का अनुमान है, जिसके चलते अभी भी बड़ी संख्या में वाहन चालक पंजीयन प्रक्रिया से बाहर हैं।
यातायात पुलिस द्वारा जनहित फाउंडेशन के सहयोग से ऑनलाइन पंजीयन लिंक एवं क्यूआर कोड जारी किया गया है। इसके माध्यम से चालक अपने मोबाइल फोन से ही पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन के दौरान वाहन चालक को अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहन के पंजीयन संबंधी दस्तावेज अपलोड करने होते हैं। इससे वाहन एवं चालक का संपूर्ण विवरण पुलिस के रिकॉर्ड में सुरक्षित रहेगा।

यातायात विभाग के अनुसार ई-रिक्शा पंजीयन होने से शहर में संचालित वाहनों की वास्तविक संख्या का पता चल सकेगा। साथ ही किसी आपराधिक घटना, दुर्घटना अथवा कानून व्यवस्था संबंधी मामले में तत्काल वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई करना आसान होगा। इसके अतिरिक्त यात्रियों का सामान यदि यात्रा के दौरान वाहन में छूट जाता है तो पंजीकृत जानकारी के आधार पर चालक से संपर्क कर सामान वापस दिलाने में भी सुविधा होगी।

पंजीयन अभियान के लिए 20 मई से 5 जून 2026 तक कुल 15 दिनों की समयावधि निर्धारित की गई है। अब इस अभियान की अंतिम तिथि में मात्र 5 दिन शेष रह गए हैं। यातायात एसीपी सतीष ठाकुर ने बताया कि अधिक से अधिक वाहन चालकों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी यातायात थानों, च्वाइस सेंटरों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड भाठागांव तथा कलेक्ट्रेट के सामने विशेष पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार तैनात रहेंगे।
अभियान को सफल बनाने के लिए यातायात पुलिस की विभिन्न टीमें भी मैदान में सक्रिय हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार टैंगो-17 की टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में मुनादी एवं अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को पंजीयन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं टैंगो-30 एवं टैंगो-39 की टीम तेलीबांधा ब्रिज के नीचे विशेष शिविर लगाकर ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों का पंजीयन कर रही है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 5 जून 2026 की रात्रि 8 बजे के बाद बिना पंजीयन के संचालित होने वाले ई-रिक्शा एवं ऑटो वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन मालिक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
यातायात पुलिस ने शहर के सभी ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना पंजीयन कराकर भविष्य की किसी भी कार्रवाई और असुविधा से बचें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






