छत्तीसगढ़ में साइबर फ्रॉड के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
रेंज साइबर थाना बिलासपुर की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश, करोड़ों की ठगी से जुड़े तार उजागर
बिलासपुर ACGN:- रेंज साइबर थाना बिलासपुर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी और महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके बैंक खातों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में करोड़ों रुपये के साइबर अपराधों से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं।
प्रकरण में नर्मदा नगर कॉलोनी, थाना सिविल लाइन बिलासपुर निवासी एक महिला को शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग तिथियों में कुल 17 लाख 21 हजार 100 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद रेंज साइबर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच और डिजिटल ट्रांजेक्शन ट्रैकिंग के माध्यम से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह संगठित रूप से काम कर रहा था और देश के अलग-अलग राज्यों में लोगों को निवेश और शेयर ट्रेडिंग में लाभ का लालच देकर ठगी को अंजाम दे रहा था। जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन और अन्य राज्यों से जुड़ी कई साइबर शिकायतों की पुष्टि हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार दास (29 वर्ष), निवासी समस्तीपुर बिहार एवं वर्तमान में रायपुर, केशव साव निवासी रायगढ़, संदीप कुमार चंद्रा उर्फ विक्की निवासी सक्ती तथा शिशिर राठौर (35 वर्ष) निवासी सक्ती एवं वर्तमान रायपुर शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी संदीप कुमार चंद्रा के बैंक खाते के विरुद्ध गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में कुल 5 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी मुकेश कुमार दास के तीन बैंक खातों में कुल 13 साइबर फ्रॉड शिकायतें पाई गई हैं, जिनमें इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक शामिल हैं। इन खातों से जुड़े कुल संदिग्ध लेनदेन की राशि लगभग 8 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि इनमें से लगभग 10 लाख रुपये सीधे साइबर ठगी से प्राप्त होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान केशव साव के एक्सिस बैंक खाते में लगभग 99 लाख रुपये और शिशिर राठौर के खाते में लगभग 1 लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी आपराधिक साजिश के तहत ठगी की राशि को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से प्राप्त कर आगे ट्रांसफर करते थे।
एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त डेटा से यह भी स्पष्ट हुआ है कि यह नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और ऑनलाइन निवेश, शेयर ट्रेडिंग एवं मुनाफे के नाम पर लोगों को लगातार निशाना बना रहा था।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं नोडल अधिकारी गगन कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा सहित साइबर टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि इस तरह के साइबर गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन निवेश या शेयर ट्रेडिंग ऑफर पर भरोसा करने से पहले पूरी तरह जांच अवश्य करें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर- हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






