‘प्रोजेक्ट आंगन’ से बदल रही आंगनबाड़ी की तस्वीर, बच्चों को मिल रहा बेहतर सीखने का माहौल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:-
पालक बैठकों और बालसभाओं से बढ़ी जागरूकता, बच्चों के समग्र विकास में समुदाय की भागीदारी बनी ताकत
रायपुर ACGN:- जिला प्रशासन रायपुर की अभिनव पहल ‘प्रोजेक्ट आंगन’ ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के समग्र विकास का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। विकासखंड आरंग के सेक्टर छटेरा में इस पहल के तहत किए जा रहे प्रयासों से आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में नई ऊर्जा आई है और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत आधार मिल रहा है।
सेक्टर छटेरा में नियमित रूप से आयोजित पालक बैठकों ने अभिभावकों को बच्चों की देखभाल और शिक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनाया है। बैठकों में माता-पिता को संतुलित पोषण, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा के महत्व की जानकारी दी जा रही है। इससे बच्चों के विकास में परिवार की भागीदारी भी बढ़ी है।
बालसभाओं के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर दिया जा रहा है। गीत, कविता, कहानी, चित्रकला और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के जरिए बच्चों की प्रतिभा को निखारा जा रहा है। इन आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे आंगनबाड़ी केंद्रों से अधिक जुड़ाव महसूस कर रहे हैं।
प्रोजेक्ट आंगन के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि दर्ज की गई है, वहीं पालकों की सक्रिय सहभागिता ने इस पहल को और अधिक सफल बनाया है। स्थानीय स्तर पर समुदाय का सहयोग मिलने से बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक और सामाजिक वातावरण तैयार हो रहा है।
जिला प्रशासन का मानना है कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज और परिवार की सहभागिता से ही संभव है। इसी सोच के साथ प्रोजेक्ट आंगन को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि हर बच्चे को बेहतर पोषण, शिक्षा और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
सेक्टर छटेरा की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि सामूहिक प्रयास और जागरूकता से बच्चों के भविष्य को नई दिशा दी जा सकती है। प्रोजेक्ट आंगन आने वाले समय में बाल विकास के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी मॉडल साबित हो रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






