ग्रीष्म ऋतु में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 105 किलो सड़े आम और केले नष्ट
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- अनादि पांडेय
सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराने तीन दिवसीय विशेष अभियान, 52 फर्मों का हुआ निरीक्षण
रायपुर ACGN:- ग्रीष्म ऋतु के दौरान आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा रायपुर जिले में तीन दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया गया।

नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल तथा कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर 27 मई से 29 मई 2026 तक चले इस अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित 52 फल विक्रेता फर्मों का औचक निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फल विक्रेताओं को स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए फलों के सुरक्षित भंडारण, रख-रखाव और विक्रय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण में कई स्थानों पर सड़े-गले फल पाए गए, जिनमें लगभग 105 किलो आम, 10 किलो अंगूर तथा 7 दर्जन लोकर लगे केले शामिल थे। स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए गए इन फलों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।


अधिकारियों ने फल व्यापारियों को चेतावनी दी कि फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए रासायनिक पदार्थों का उपयोग न करें और किसी भी प्रकार के केमिकल अथवा सिंथेटिक रंग युक्त फलों की बिक्री से बचें। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कहा है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और असुरक्षित उत्पादों के विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा बाजार में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






