भीषण गर्मी में सतर्क रहें, स्वास्थ्य और सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान: मंत्री राजेश अग्रवाल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- सौरभ साहू
बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और श्रमिकों के लिए बढ़ा खतरा, जरूरतमंदों व पशु-पक्षियों की मदद करने की अपील
सरगुजा ACGN:- सरगुजा जिले के अंबिकापुर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए आम जनता से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में पड़ रही अत्यधिक गर्मी और लू की स्थिति लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों की सुरक्षा और सुविधा का भी ध्यान रखना चाहिए।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भीषण गर्मी, लू और डिहाइड्रेशन की स्थिति विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा खुले में कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखने और दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज धूप में लंबे समय तक रहने से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि यदि संभव हो तो घर, दुकान, कार्यालय अथवा सार्वजनिक स्थानों के आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में किसी प्यासे व्यक्ति को पानी उपलब्ध कराना केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं बल्कि मानवीय संवेदना का भी परिचायक है। यह छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए बड़ी राहत बन सकता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों की देखभाल करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक खराब होती दिखाई दे या उसे चक्कर, कमजोरी अथवा लू के लक्षण महसूस हों तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराएं और आवश्यक होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता दिलाएं।
एक छोटा पानी का पात्र बचा सकता है किसी जीव का जीवन
मंत्री राजेश अग्रवाल ने लोगों से पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में जल स्रोतों के सूखने से पक्षियों और पशुओं को सबसे अधिक परेशानी होती है। ऐसे में घर के आंगन, छत, दुकान या आसपास किसी सुरक्षित स्थान पर पानी का एक छोटा पात्र रखने जैसी पहल किसी जीव के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि समाज की संवेदनशीलता का सबसे सुंदर रूप यही है कि हम उन जीवों की भी चिंता करें जो अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं कर सकते।
सेवा, संवेदना और सामाजिक सहयोग का समय
पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय सेवा, संवेदना, सजगता और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में एक-दूसरे का सहारा बनें, जरूरतमंदों की मदद करें और मानवता के दायित्वों का मिलकर निर्वहन करें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि समाज के सभी लोग जागरूकता और संवेदनशीलता के साथ आगे आएंगे तो भीषण गर्मी के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है और जरूरतमंद लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षियों की भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






