कोरबा ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय स्वास्थ्य सूचकांक में प्रदेश में पाया पहला स्थान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मातृ-शिशु स्वास्थ्य से लेकर टीबी उन्मूलन और आयुष्मान सेवाओं तक उत्कृष्ट प्रदर्शन, स्वास्थ्य विभाग की मेहनत रंग लाई
कोरबा ACGN:-कोरबा जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य सूचकांक में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के कुशल नेतृत्व में जिले ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के विभिन्न सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह गौरव हासिल किया है। इस सफलता से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और जिलेवासियों में उत्साह का माहौल है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि शासन द्वारा संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन मुख्यमंत्री अटल मॉनिटरिंग पोर्टल और भारत सरकार के एनएचएम आउटपुट इंडिकेटर्स के आधार पर किया गया। 50 बिंदुओं वाले स्वास्थ्य स्कोर कार्ड के आधार पर जिलों की ग्रेडिंग तय की गई, जिसमें कोरबा जिला ग्रीन कैटेगरी “एचीवर्स” में प्रथम स्थान पर रहा।
जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, कैंसर, मधुमेह, हृदय रोग एवं स्ट्रोक नियंत्रण कार्यक्रम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सिकल सेल नियंत्रण कार्यक्रम और डायलिसिस सेवाओं में बेहतर कार्य किया गया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग, जनजागरूकता अभियान और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान की गईं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस उपलब्धि में सभी कार्यक्रम नोडल अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सेक्टर चिकित्सा अधिकारी, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक, सलाहकार, लेखा प्रबंधक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, सुपरवाइजर, सीएचओ, आरएचओ, पैरामेडिकल स्टाफ, पीएडीए और मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। टीमवर्क और समर्पण के कारण ही कोरबा जिले को यह सम्मानजनक स्थान प्राप्त हुआ है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने जिले के समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखा जाएगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






