माना कैंप से 17 वर्षीय नाबालिग लापता, अपहरण की आशंका में मामला दर्ज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता अनादि पांडेय
घर से बिना बताए निकला किशोर वापस नहीं लौटा, पुलिस ने शुरू की तलाश
रायपुर/ACGN:- रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के माना कैंप थाना इलाके से एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर के घर वापस नहीं लौटने पर पुलिस ने अपहरण की आशंका के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ओमधाम कॉलोनी निवासी संदीप दास ने थाना माना कैंप पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र अधीराज दास उम्र 17 वर्ष 1 माह दिनांक 24 मई 2026 को बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया था। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका और वह अब तक घर वापस नहीं लौटा है।
परिजनों की शिकायत पर थाना माना कैंप पुलिस ने पहले गुम इंसान क्रमांक 30/26 कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान अधीराज दास के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर माननीय सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार अपहरण की आशंका को ध्यान में रखते हुए अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग बालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच और पतासाजी की जा रही है। साथ ही संभावित स्थानों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस तकनीकी माध्यमों की सहायता से भी किशोर की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को अधीराज दास के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल थाना माना कैंप या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें ताकि बालक को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






