विश्रामपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, टीएस सिंहदेव के आमरण अनशन ऐलान से गरमाई सियासत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
नरेंद्र जैन पर दर्ज FIR के विरोध में कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, भूपेश बघेल बोले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दमन बर्दाश्त नहीं करेंगे

सूरजपुर/ACGN:- सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने कांग्रेस का आंदोलन अब प्रदेश की बड़ी राजनीतिक लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।

अनिश्चितकालीन धरने के दूसरे दिन कांग्रेस के कई दिग्गज नेता विश्रामपुर पहुंचे, जहां भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हमला बोला गया।

धरना स्थल पर सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव के उस ऐलान की रही जिसमें उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि शाम 6 बजे तक प्रशासन उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करता तो वह आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि सूरजपुर पुलिस प्रशासन का रवैया पूरी तरह पक्षपातपूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दबाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।

टी एस सिंहदेव ने कहा कि मंगलवार को उनका नियमित उपवास सूर्यास्त तक रहता है, लेकिन यदि न्याय नहीं मिला तो यही उपवास आमरण अनशन में बदल जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्याग्रह और गांधीवादी विचारधारा में विश्वास करती है, लेकिन अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी।

धरना स्थल पर उस समय कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और टी एस सिंहदेव एक साथ मंच पर पहुंचे।

लंबे समय बाद प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की यह एकजुट तस्वीर सामने आई। खास बात यह रही कि टी एस सिंहदेव स्वयं कार चलाकर धरना स्थल पहुंचे और उनके बगल की सीट पर भूपेश बघेल बैठे नजर आए। इस दृश्य को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “एकजुट कांग्रेस” का बड़ा संदेश बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। भूपेश बघेल ने मंच से कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दमन की कार्रवाई किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा, “भाजपा कान खोलकर सुन ले, हम डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस का कार्यकर्ता अन्याय के खिलाफ लड़ना जानता है। अगर हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया तो हम सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेंगे। ईंट से ईंट बजा देंगे, याद रखना हम कांग्रेसी हैं।”
भूपेश बघेल ने कहा कि नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज मामला पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। नगर पंचायत चुनाव के ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई यह साबित करती है कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ने के बजाय प्रशासनिक दबाव बनाकर विपक्ष को कमजोर करना चाहती है।

धरना स्थल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सत्य और न्याय की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी, किसान, युवा और विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस हर स्तर पर इसका जवाब देगी।

इस दौरान कांग्रेस नेता आदित्येश्वर शरण सिंहदेव का भी आक्रामक रूप देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों से चर्चा के दौरान उन्होंने तीखे सवाल पूछे और स्पष्ट कहा कि जवाब केवल “हां” या “ना” में दिया जाए। उनका यह सख्त रुख राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

विश्रामपुर आंदोलन के बीच भूपेश, टीएस और दीपक बैज पहुंचे परिवार के बीच, भावुक माहौल में दिया साथ का भरोसा
विश्रामपुर थाना के सामने चल रहे कांग्रेस के अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के बीच मंगलवार को राजनीतिक माहौल उस समय और भावुक हो गया जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आंदोलन के केंद्र बने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के परिवारजनों से मिलने उनके निवास पहुंचे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

परिवार से मुलाकात के दौरान नेताओं ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले को केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और राजनीतिक प्रताड़ना के खिलाफ संघर्ष के रूप में देख रही है। नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन कांग्रेस अन्याय के खिलाफ पीछे हटने वाली नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने परिवारजनों से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता परिवार का सदस्य है और पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को अकेला नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज मामला राजनीतिक द्वेष से प्रेरित प्रतीत होता है और कांग्रेस इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ने के लिए तैयार है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने भी परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सत्य की लड़ाई में कांग्रेस मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा और यदि जरूरत पड़ी तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दमन की कार्रवाई लोकतंत्र के लिए खतरा है और पार्टी इसका मजबूती से विरोध करेगी, इस दौरान परिवार के सदस्यों और कांग्रेस नेताओं के बीच भावुक माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी परिवार के प्रति समर्थन जताया और आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
विश्रामपुर में जारी आंदोलन अब धीरे-धीरे प्रदेश की बड़ी राजनीतिक लड़ाई का रूप लेता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं की लगातार मौजूदगी और पार्टी कार्यकर्ताओं की एकजुटता ने इस पूरे मामले को राजनीतिक रूप से और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है।

धरना स्थल पर सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री प्रेमसाय टेकाम, अमरजीत भगत, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, अंबिका सिंहदेव, महेश्वर पैकरा, भानुप्रताप सिंह, शफी अहमद, दानिश रफीक, नरेश राजवाड़े, सुनील अग्रवाल, संजय डोसी, वेदांती तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सूरजपुर जिलाध्यक्ष शशि सिंह, सरगुजा जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, एमसीबी जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव और कोरिया जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता भी आंदोलन में शामिल हुए।

विश्रामपुर थाना के बाहर पूरे दिन “आवाज दो हम एक हैं”, “तानाशाही नहीं चलेगी”, “न्याय दो” और “कांग्रेस एकता जिंदाबाद” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। तपती गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डटे रहे और कांग्रेस नेतृत्व के समर्थन में नारेबाजी करते रहे।

कांग्रेस नेताओं ने साफ संकेत दिए हैं कि यदि नरेंद्र जैन के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। अब पूरे प्रदेश की नजर विश्रामपुर में चल रहे इस आंदोलन पर टिक गई है, क्योंकि यह मामला केवल एक FIR तक सीमित नहीं बल्कि प्रदेश की राजनीति का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






