टैंकर से डीजल चोरी का बड़ा खुलासा, ढाबे में चल रहा था काला कारोबार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
प्रतापपुर पुलिस की दबिश में 950 लीटर डीजल बरामद, ढाबा संचालक और टैंकर चालक गिरफ्तार
प्रतापपुर ACGN:- सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में डीजल चोरी के संगठित खेल का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में चल रहे अवैध डीजल कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ढाबा संचालक और एक टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है। मौके से करीब 950 लीटर चोरी का डीजल, दो टैंकर, एक स्कॉर्पियो वाहन और डीजल निकालने में इस्तेमाल किए जा रहे कई उपकरण जब्त किए गए हैं।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 22 मई की रात थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दुरती के अन्नपूर्णा ढाबा में खड़े टैंकरों से चोरी-छिपे डीजल निकाला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ढाबे में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि ढाबे के पीछे बने कमरे के पास बड़े ड्रम और प्लास्टिक के जरिकेन रखे हुए थे, जिनमें डीजल भरा हुआ था। पुलिस ने मौके से चार बड़े ड्रमों में भरा डीजल, कई जरिकेन में रखा अतिरिक्त डीजल सहित कुल 950 लीटर डीजल बरामद किया जिसकी कीमत लगभग 93 हजार 100 रुपये बताई गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि टैंकर वाहन मुगलसराय से भारतीय पेट्रोलियम कंपनी का डीजल लेकर ओडिशा जा रहे थे। रास्ते में ढाबा संचालक रविकांत यादव और टैंकर चालकों ने मिलकर टैंकर के ऑयल टैंक को काटकर पाइप की मदद से डीजल निकालना शुरू कर दिया था। मौके से कटिंग मशीन, पाइप, मापने के उपकरण और टैंकर में लगने वाले लोहे के कम्पाट भी जब्त किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव निवासी चंदौली उत्तर प्रदेश और टैंकर चालक सलीम रहमान खान निवासी कोलकाता पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अन्य टैंकर चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह, एएसआई राजेश यादव, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे, आरक्षक नौशाद और जयप्रकाश पन्ना की अहम भूमिका रही। प्रतापपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध डीजल कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






