फर्जी दस्तावेज बनाकर 3.25 हेक्टेयर जमीन हड़पने का खेल उजागर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मृत व्यक्ति का फर्जी वारिस बनकर जमीन अपने नाम कराने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने खोला बड़ा राज
सूरजपुर ACGN:- जिले के थाना चंदौरा क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमीन हड़पने के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मृत व्यक्ति का फर्जी वारिस बनकर करोड़ों की जमीन अपने नाम कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम परमेश्वरपुर निवासी 75 वर्षीय शिवचरण ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सूरजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम बंशीपुर उप तहसील जरही स्थित उसकी स्वामित्व एवं आधिपत्य वाली भूमि को फर्जी तरीके से अपने नाम दर्ज करा लिया गया है। शिकायत में बताया गया कि खसरा नंबर 273, 290, 1584, 1653, 1654, 1673, 1675 और 1676 की कुल 3.25 हेक्टेयर जमीन को छल, कपट और धोखाधड़ी कर हथियाने की कोशिश की गई।

मामले की जांच एसडीओपी प्रतापपुर द्वारा की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी लक्ष्मण सिंह और उसके पुत्र अशोक सिंह ने फर्जी तरीके से राजस्व रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। जबकि जिस शिवभजन के नाम की जमीन थी उसकी मृत्यु 20 सितंबर 2014 को हो चुकी थी। इसके बावजूद वर्ष 2016 में फर्जी पंचनामा और दस्तावेज तैयार कर लक्ष्मण सिंह को मृतक का पुत्र बताते हुए जमीन का नामांतरण करा लिया गया।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने फर्जी नामांतरण कर मुआवजा और नौकरी प्राप्त करने की नीयत से यह पूरा षड्यंत्र रचा था। मामला अपराध की श्रेणी में पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ थाना चंदौरा में अपराध क्रमांक 56/26 के तहत धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120(बी) और 34 भादवि के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना चंदौरा पुलिस ने दबिश देकर आरोपी अशोक सिंह पिता लक्ष्मण सिंह निवासी ग्राम परमेश्वरपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने पिता लक्ष्मण सिंह को मृतक शिवभजन का वैध उत्तराधिकारी बताते हुए फर्जी पंचनामा तैयार कराया और उसी आधार पर जमीन का फौती नामांतरण अपने पिता के नाम करा लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश लगातार जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, एएसआई नील कुसुम बेक, आरक्षक अवधेश कुशवाहा, शेखर मानिकपुरी और अमृत जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


