सहकार से समृद्धि की ओर बढ़ते कदम, नवा रायपुर में छह राज्यों की क्षेत्रीय सहकारिता कार्यशाला संपन्न
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता अनादि पांडेय
रायपुर, 23 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “सहकार से समृद्धि” की संकल्पना को साकार करने की दिशा में नवा रायपुर में पूर्वी क्षेत्र के छह राज्यों की एक दिवसीय क्षेत्रीय सहकारिता कार्यशाला आयोजित की गई। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार एवं राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक, आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुख बनाने पर व्यापक मंथन हुआ।
कार्यशाला की अध्यक्षता केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ. आशीष कुमार भूटानी ने की। इसमें बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह की पहल पर संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सहकारी संस्थाओं को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यशाला में डेयरी, मत्स्य एवं बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के गठन और सुदृढ़ीकरण पर विशेष चर्चा हुई। देशभर में 2 लाख नई डेयरी, मत्स्य एवं बहुउद्देशीय पैक्स समितियों के गठन की दिशा में हो रही प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही विश्व की सबसे बड़ी सहकारी अनाज भंडारण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
विशेषज्ञों ने बताया कि पैक्स समितियों को अब केवल ऋण वितरण तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें बहुउद्देशीय ग्रामीण सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत खाद-बीज वितरण, धान खरीदी, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, डेयरी, मत्स्य पालन, वेयरहाउसिंग और ग्रामीण उद्यमिता जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण युवाओं को गांव स्तर पर ही रोजगार एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यशाला में पैक्स समितियों के व्यवसायिक विस्तार और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर भी गहन मंथन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सहकारिता आधारित मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव सिद्धार्थ जैन, संयुक्त सचिव रमन कुमार, छत्तीसगढ़ शासन के सचिव सहकारिता डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक महादेव कावरे सहित नाबार्ड, मार्कफेड, अपेक्स बैंक, भारतीय खाद्य निगम, नाफेड, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निष्पक्ष निर्भीक एवं सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






