सुदूर कोरवा बसाहटों में अब नहीं रहेगा पानी का संकट, 113 हैंडपंप और बोरवेल की होगी खुदाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन की बड़ी पहल, एक माह के भीतर कार्य पूरा करने कलेक्टर ने दिए निर्देश
अम्बिकापुर ACGN:- सरगुजा जिले के सुदूर एवं पहाड़ी कोरवा बसाहटों में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद अब जिले के विभिन्न दूरस्थ इलाकों में 113 हैंडपंप एवं बोरवेल की खुदाई कराई जाएगी, जिससे हजारों ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में सरगुजा जिले में पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा था कि दूरस्थ वनांचल और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सरगुजा कलेक्टर एवं जिला खनिज संस्थान न्यास अध्यक्ष अजीत वसंत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को एक माह के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बताया कि इन क्षेत्रों का स्थलीय सर्वे पहले ही पूरा किया जा चुका है और अब डीएमएफ मद से विभिन्न विकासखंडों में हैंडपंप एवं बोरवेल खनन कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार लुण्ड्रा विकासखंड में 34, बतौली में 6, लखनपुर में 22, अम्बिकापुर में 11, सीतापुर में 16, मैनपाट में 20 तथा उदयपुर में 4 हैंडपंप एवं बोरवेल स्वीकृत किए गए हैं। यह स्वीकृति 24 अप्रैल को आयोजित जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज सहित अन्य सदस्यों की सहमति से दी गई।
कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्राथमिकता के आधार पर तेजी से कार्य कराते हुए पेयजल व्यवस्था का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि आने वाले एक माह के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर ग्रामीणों को स्वच्छ और सुगम पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील पहल से जिले के वनांचल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले सैकड़ों गांवों के हजारों लोगों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






