NH-43 पर मौत का तांडव, तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आया युवक
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
तिलसिवा पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, चालक ट्रक छोड़कर फरार
सूरजपुर ACGN:- जिले से लगे तिलसिवा पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे-43 पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान शिवम मिश्रा (28 वर्ष) पिता के.के. मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवम मिश्रा सुबह अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी तिलसिवा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे-43 पर लगातार तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने हाईवे पर सख्त यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






