मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का गुजरात दौरा, निवेश बढ़ाने पर जोर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
भुवनेश्वर ओड़िशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
ओड़िशा ब्यूरो स्वामी विजयानंद जी महाराज
टेक्सटाइल, पेट्रोकेमिकल, मेटल और फार्मा सेक्टर में बड़े निवेश की उम्मीद, औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
ओड़िशा ACGN:- मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी 5 मई से तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर रवाना हो रहे हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य पूर्वी और पश्चिमी भारत के बीच औद्योगिक संबंधों को मजबूत करना और ओड़िशा में नए निवेश के अवसरों को बढ़ावा देना है। राज्य सरकार का फोकस विशेष रूप से टेक्सटाइल, केमिकल और पेट्रोकेमिकल, मेटल एवं डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्रीज तथा फार्मास्युटिकल सेक्टर पर केंद्रित रहेगा।
इस दौरे के दौरान पश्चिम भारत के उद्योगपतियों से निवेश प्रस्ताव मिलने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही गुजरात में रह रहे ओड़िया प्रवासियों से संवाद स्थापित कर उन्हें राज्य के विकास अभियान से जोड़ने की भी योजना है।
दौरे की शुरुआत 5 मई को अहमदाबाद में एक बड़े निवेशक रोडशो से होगी, जहां कई उद्योगपति शामिल होंगे। इसके बाद राउंडटेबल चर्चा और वन-टू-वन बैठकों के माध्यम से निवेश को लेकर ठोस वार्ताएं की जाएंगी। इस दौरान कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर और निवेश इंटेंट फॉर्म (आईआईएफ) के आदान-प्रदान की संभावना भी है।
6 मई को प्रतिनिधिमंडल मुंद्रा पोर्ट का दौरा करेगा, जहां लॉजिस्टिक्स और पोर्ट आधारित उद्योगों की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा। वहीं 7 मई को बड़ोदरा में निवेशक बैठक आयोजित होगी, जिसमें कैपिटल गुड्स मैन्युफैक्चरर्स के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल केवडिया का भी दौरा करेगा।
इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में उद्योग, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वाइन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि ओड़िशा मजबूत आधारभूत संरचना और कुशल मानव संसाधन के कारण तेजी से निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा राज्य में निवेश, रोजगार सृजन और 2036 तक “समृद्ध ओड़िशा” के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






