छुट्टी के दिन भी इंसाफ: SDM ने दिलाया हक, बैंक से मिला भुगतान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़ (छत्तीसगढ़)
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता संजय जेठवानी
कुडुमकेला में संवेदनशील पहल, वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया प्रशासन
रायगढ़ ACGN:- घरघोड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुडुमकेला में प्रशासन की एक सराहनीय और संवेदनशील पहल सामने आई है, जहां एसडीएम दुर्गा प्रसाद (IAS) ने मृतक के परिजनों को उनका हक दिलाने के लिए छुट्टी के दिन भी तत्परता दिखाई। पीड़ित परिवार की समस्या को प्राथमिकता से उठाए जाने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का समाधान किया।
जानकारी के अनुसार, कुडुमकेला निवासी युवक लक्ष्मी चौहान अपनी माता स्वर्गीय तीहारीन चौहान के निधन के बाद बैंक से राशि नहीं मिलने के कारण काफी परेशान था। उसने अपनी पीड़ा को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो के जरिए साझा किया, जो तेजी से वायरल हुआ। यह मामला जैसे ही एसडीएम दुर्गा प्रसाद के संज्ञान में आया, उन्होंने बिना देर किए तत्काल संज्ञान लिया और समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया।
बताया जा रहा है कि मृतका के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि उनके बैंक खाते में जमा थी, लेकिन निधन के बाद बैंक द्वारा नामिनी को भुगतान नहीं किया जा रहा था। इस वजह से परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से लगातार संकट झेल रहा था। एसडीएम ने मामले की गंभीरता को समझते हुए रविवार की छुट्टी के दिन ही संबंधित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा कुडुमकेला के प्रबंधक को आवश्यक निर्देश दिए और नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

एसडीएम के निर्देश के बाद 4 मई 2026 को बैंक में दावा प्रकरण प्रस्तुत किया गया और त्वरित प्रक्रिया पूरी करते हुए नामिनी सोनसाय चौहान को 44,195 रुपये की सेटलमेंट राशि का चेक प्रदान किया गया। इस कार्रवाई से जहां पीड़ित परिवार को राहत मिली, वहीं प्रशासन की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया।
इस पूरे घटनाक्रम से यह साफ होता है कि अगर प्रशासन संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करे, तो आम लोगों की समस्याओं का समाधान समय पर संभव है। क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम दुर्गा प्रसाद की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






