बीड़ी की लापरवाही बनी मौत की वजह, पूर्व पंचायत सचिव जिंदा जले
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता – सौरभ साहू
घर में रखे पुआल में लगी आग से हादसा, शराब और धूम्रपान की लत बताई जा रही कारण
सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पूर्व पंचायत सचिव की अपने ही घर में जिंदा जलकर मौत हो गई। यह मामला मोहरसोप चौकी अंतर्गत उमझर गांव का है, जहां 55 वर्षीय ईश्वर सिंह आयाम की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसने के कारण मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के दिन सुबह वे अपनी नातिन को घुमाने के बाद घर लौटे और अपने कमरे में चले गए। कमरे में पुआल रखा हुआ था और इसी दौरान आग लग गई, जिससे वे बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया कि मृतक को शराब और बीड़ी पीने की लत थी। आशंका जताई जा रही है कि घटना के समय भी वे नशे में थे और बीड़ी पीने के बाद उसका ठूंठ पुआल में फेंक दिया, जिससे आग भड़क उठी। चूंकि उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए समय पर बचाव नहीं हो सका।

घटना के वक्त मृतक की पत्नी पानी लेने बाहर गई हुई थी और बहू दूसरे घर में खाना बना रही थी। आग लगने की यह घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा किसी प्रकार की संदेहजनक स्थिति की जानकारी नहीं दी गई है और प्रारंभिक जांच में यह हादसा लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है।
यह घटना जहां एक ओर भीषण गर्मी के दौरान आगजनी के खतरे को उजागर करती है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और जागरूकता की कमी पर भी सवाल खड़े करती है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






