“मन की बात” में छत्तीसगढ़ का जिक्र बना गर्व का विषय, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया आभार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
काले हिरण संरक्षण की सराहना से बढ़ा प्रदेश का मान, मुख्यमंत्री बोले, राष्ट्रीय मंच पर मिल रही पहचान से बढ़ा उत्साह
प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” में छत्तीसगढ़ के काले हिरण संरक्षण प्रयासों का उल्लेख होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का लगातार जिक्र होना राज्य की पहचान को मजबूत करता है और प्रदेशवासियों के मनोबल को नई ऊर्जा देता है।

राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित विनायक सिटी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह के साथ “मन की बात” की 133वीं कड़ी का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आज देश के जनमानस को जोड़ने वाला एक प्रभावी माध्यम बन चुका है, जिसके जरिए देशभर में हो रहे नवाचार, जनभागीदारी और जमीनी स्तर के उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अभिभावक की तरह देशवासियों से संवाद करते हुए प्रेरणादायक उदाहरणों को सामने लाते हैं और समाज के हर वर्ग को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं। इससे लोगों में सहभागिता की भावना मजबूत होती है और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को नई गति मिलती है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण के प्रयासों का राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख होना इस बात का प्रमाण है कि राज्य पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति गंभीर है। यह अन्य राज्यों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने बांस को विशेष श्रेणी में शामिल किए जाने के निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे बांस के उपयोग में वृद्धि हुई है और विशेष रूप से महिलाओं की आय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। साथ ही उन्होंने पवन ऊर्जा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक अलग पहल करते हुए उपस्थित लोगों के साथ घर से लाए गए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को साझा किया और सामूहिक भोजन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी विश्वास और एकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरन्दर मिश्रा, विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, अजय जामवाल, अखिलेश सोनी, रमेश ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






