खेलों में पारदर्शिता और अवसर से ही बनेगा भारत वैश्विक शक्ति: उप मुख्यमंत्री अरुण साव
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
श्रीनगर चिंतन शिविर में छत्तीसगढ़ मॉडल की सराहना, ओलंपिक सफलता के लिए मजबूत खेल व्यवस्था पर जोर
श्रीनगर में केन्द्रीय युवा कार्य और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय खेल चिंतन शिविर में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने ‘गुड गवर्नेंस इन स्पोर्ट्स’ सत्र की अध्यक्षता करते हुए देश में खेलों के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण विचार रखे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रतिभा, पारदर्शिता और अवसर के समन्वय से ही भारत वैश्विक खेल शक्ति के रूप में उभर सकता है और मजबूत खेल व्यवस्था के बिना ओलंपिक में बड़ी सफलता संभव नहीं है।

चिंतन शिविर के दौरान अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की खेल योजनाओं और भविष्य की रणनीतियों पर आधारित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया, जिसमें राज्य में लागू बेस्ट गवर्नेंस प्रैक्टिसेस को साझा किया गया। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए खेल मंत्रियों और अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए सुझाव भी लिए। अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ की योजनाओं की सराहना करते हुए इसे एक प्रभावी मॉडल बताया।
दो दिनों तक चले इस शिविर में उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों के खेल मंत्रियों, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और विशेषज्ञों के साथ गहन चर्चा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में खेल अवसंरचना को मजबूत करने, प्रतिभाओं को तराशने और खिलाड़ियों को अधिक अवसर देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

शिविर के विभिन्न सत्रों में खेल प्रशासन, नीतिगत सुधार और युवा मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें खेल सामग्रियों के देश में ही निर्माण, सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और स्पोर्ट्स स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि भारत खेल उद्योग में आत्मनिर्भर बन सके।
एक अहम सत्र में खिलाड़ियों के चयन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के साथ एज फ्रॉड पर रोक लगाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसमें सख्त सत्यापन प्रक्रिया और तकनीकी साधनों के उपयोग पर बल दिया गया, ताकि खेलों में विश्वसनीयता बनी रहे।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘माई भारत’ योजना पर चर्चा करते हुए युवाओं को खेल और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया गया। साथ ही योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया, जिससे अधिक से अधिक युवाओं तक इनका लाभ पहुंच सके।
चिंतन शिविर के समापन अवसर पर केन्द्रीय युवा कार्य और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने घोषणा की कि जल्द ही केवल युवा मामलों पर केंद्रित एक विशेष चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा, जिससे युवा नीति को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इस दो दिवसीय शिविर में ओलंपियन अभिनव बिंद्रा, पुलेला गोपीचंद और गगन नारंग सहित देश के दिग्गज खिलाड़ी, खेल प्रशासक और नीति निर्माता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






