कोटा पुलिस की दोहरी कार्रवाई, अवैध महुआ शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
चेतना विरुद्ध नशा अभियान के तहत दबिश, 230 लीटर कच्ची शराब जब्त, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए
बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 230 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई “चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर की गई।
पहली कार्रवाई ग्राम कपसियां कला में की गई, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।

रेड के दौरान आरोपी धनी राम कुर्रे (35 वर्ष), निवासी कपसियां कला को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 150 लीटर जरीकेन में भरी महुआ शराब, 5 लीटर पाउच में पैक शराब तथा 10 लीटर अतिरिक्त शराब सहित कुल 165 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 33,000 रुपये बताई गई है।

दूसरी कार्रवाई ग्राम लमकेना में की गई, जहां एक महिला द्वारा अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। मौके से आरोपी श्रीमती रामशिला महादेवा (48 वर्ष), निवासी लमकेना को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 60 लीटर जरीकेन में भरी शराब और 5 लीटर अतिरिक्त शराब सहित कुल 65 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 13,000 रुपये आंकी गई है।
दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। इस अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार मरकाम, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, दीप सिंह कंवर, संजय श्याम और राकेश महिलांगे की सराहनीय भूमिका रही।
कोटा पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और यह स्पष्ट संकेत गया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार और प्रभावी रूप से जारी रहेगा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों के प्रति समर्पित, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






