बेलाफूल समूह की पोषण यूनिट से 313 आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण आहार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
90 लाख की आधुनिक यूनिट से हर माह 30 मीट्रिक टन उत्पादन, महिला सशक्तिकरण और पोषण सुरक्षा को नई मजबूती
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम दर्रीपारा में महिला सशक्तिकरण और पोषण सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है जहां बेलाफूल महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा 90 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पोषण आहार उत्पादन यूनिट स्थापित की गई है जिससे अब आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा।

इस यूनिट के माध्यम से परियोजना रामानुजनगर के कुल 313 आंगनबाड़ी केंद्रों को सीधा लाभ मिलेगा जहां बच्चों, गर्भवती और धात्री माताओं के लिए मीठा शक्ति आहार और पौष्टिक नमकीन दलिया का नियमित उत्पादन और वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। यूनिट में हर माह लगभग 30 मीट्रिक टन पोषण आहार तैयार किया जाएगा जिससे कुपोषण से निपटने में ठोस सहायता मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर उत्पादन शुरू होने से आहार की गुणवत्ता और ताजगी सुनिश्चित होगी वहीं आपूर्ति प्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी जिससे समय पर हितग्राहियों तक पोषण सामग्री पहुंच सकेगी। यह पहल नौनिहालों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ माताओं के स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करेगी क्योंकि तैयार किए जाने वाले उत्पाद प्रोटीन, विटामिन और आवश्यक खनिज तत्वों से भरपूर होंगे।

इस यूनिट के संचालन से महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्थायी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। साथ ही उत्पादन, पैकेजिंग और वितरण जैसे क्षेत्रों में उन्हें कौशल विकास का अवसर भी मिलेगा जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

यह पहल महिला सशक्तिकरण, पोषण सुरक्षा और स्थानीय उद्यमिता के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है जिसे भविष्य में जिले की अन्य परियोजनाओं में भी अपनाया जा सकता है। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे नवाचारी प्रयासों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि आत्मनिर्भर ग्राम और सशक्त महिला की परिकल्पना को साकार किया जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






