सामाजिक कार्यकर्ता अजीत पात्र के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर, 80 यूनिट रक्त का संग्रह
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
गंजाम, ओडिशा
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता अनिल कुमार चौधरी
लोचापाड़ा में आयोजित शिविर में युवाओं और विभिन्न संगठनों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
गंजाम। समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता एस अजीत पात्र ने अपने 39वें जन्मदिन को अनोखे और प्रेरणादायक तरीके से मनाया। उन्होंने लोचापाड़ा में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन कर समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी का संदेश दिया।
ब्रह्मपुर के निकट लोचापाड़ा स्थित पेट्रोल पंप परिसर में आयोजित इस शिविर में शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे तक रक्तदान कार्यक्रम चला। इस दौरान युवाओं, सामाजिक संगठनों के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में कुल 80 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
इस अवसर पर अजीत पात्र ने कहा कि जन्मदिन को केवल घर में केक काटकर मनाने के बजाय यदि समाज के हित में कोई सेवा कार्य किया जाए तो उसका वास्तविक महत्व बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है और समाज में सेवा की भावना भी मजबूत होती है।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही बरहामपुर ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो जाती है। ऐसे समय में साधारण मरीजों के लिए भी रक्त की उपलब्धता कठिन हो जाती है। इसलिए समाज के युवाओं को आगे आकर नियमित रक्तदान करना चाहिए।

यह शिविर बरहामपुर ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें ब्लड बैंक अधिकारी टिटु पाणिग्रही सहित डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों ने नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ भी ली।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






