पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मस्तूरी थाना क्षेत्र की घटना, चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में वृद्ध ने पत्नी की कर दी हत्या
बिलासपुर 22 अप्रैल 2026। बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह घटना ग्राम रिसदा की बताई जा रही है, जहां पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रिसदा निवासी जीवन नोरगे ने अपनी पत्नी सरस्वती नोरगे की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना में अपराध क्रमांक 241/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रश्मित कौर चावला के नेतृत्व में उप पुलिस अधीक्षक मस्तूरी लालचंद मोहले को मौके पर भेजा गया। उनके निर्देशन में थाना प्रभारी मस्तूरी कृष्ण चंद सिदार, सीन ऑफ क्राइम टीम तथा एफएसएल यूनिट के वैज्ञानिक अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य संकलन करते हुए विस्तृत जांच की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जीवन नोरगे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर 21 अप्रैल को दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी जीवन नोरगे पिता स्वर्गीय किशन लाल नोरगे उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम रिसदा थाना मस्तूरी जिला बिलासपुर का रहने वाला है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






