चमत्कार के नाम पर अनाचार करने वाला ढोंगी बाबा गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
महिला को इलाज का झांसा देकर कई बार किया दुष्कर्म, फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो भी किए वायरल
जांजगीर-चांपा 22 अप्रैल 2026। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में चमत्कार के नाम पर महिला के साथ अनाचार करने और सोशल मीडिया पर उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल करने के आरोपी ढोंगी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रकरण की जानकारी देते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने बताया कि पीड़िता ने 11 अप्रैल को थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी क्षेत्र के एक गांव में “पदयात्रा” करते हुए आया था और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करता था।
पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने गई, जहां आरोपी ने उसका हाथ देखकर इलाज करने का भरोसा दिलाया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में 26 मार्च को उसे पामगढ़ बाजार में बुलाकर “प्रसाद” दिया और अपने साथ चलने के लिए बहलाया।
आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ पहले बिलासपुर और फिर ट्रेन से मैहर पहुंची, जहां एक होटल में ठहराया गया। वहां आरोपी ने इलाज के नाम पर महिला के साथ कई बार जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद 1 अप्रैल को आरोपी पीड़िता को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया।
घर लौटने के बाद आरोपी लगातार फोन कर महिला को परेशान करने लगा। जब पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया तो आरोपी ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने 21 अप्रैल को धर्मशाला में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कण्डेय, आरक्षक सूरज सिंह पाटले और नवनी रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी
स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा (उम्र 60 वर्ष), मूल निवासी – नासिक
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






