भीषण गर्मी में सोलर पंप खराब होने से करौंदामुड़ा, केवटाली, सत्यनगर और अधिनापुरगांवों में गहराया पेयजल संकट
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
भीषण गर्मी में करौंदामुड़ा, केवटाली, सत्यनगर और अधिनापुर के ग्रामीण पानी के लिए परेशान, अभय प्रताप सिंह ने मरम्मत की उठाई मांग
सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम करौंदामुड़ा, केवटाली, सत्यनगर और अधिनापुर सहित आसपास के गांवों में सौर ऊर्जा से संचालित पानी के पंप कई महीनों से खराब पड़े होने के कारण ग्रामीणों के सामने गंभीर पेयजल संकट खड़ा हो गया है। गर्मी बढ़ने के साथ ही हालात और अधिक विकट होते जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए भी दूर-दराज के जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार इन गांवों में लगाए गए सोलर पंप ही पेयजल आपूर्ति का मुख्य साधन थे। पंपों के बंद हो जाने से जल आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो चुकी है और ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोग लंबे समय से इस समस्या को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराते आ रहे हैं, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए गहरी चिंता जताई। उन्होंने शासन और प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़े सौर ऊर्जा संचालित पंपों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
ग्राम करौंदामुड़ा के ओमप्रकाश कुशवाहा ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं अभय प्रताप सिंह ने बताया कि केवटाली, सत्यनगर और अधिनापुर में स्थापित पानी की टंकियां भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
उन्होंने कहा कि सोलर पंप बंद होने से पूरे क्षेत्र में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है और यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ सकती है। अब देखना यह होगा कि इस गंभीर समस्या की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन कितनी तत्परता दिखाता है और ग्रामीणों को पेयजल संकट से कब तक राहत मिल पाती है।
ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं क्या सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गई हैं, क्योंकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
















































