सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन निःशुल्क उपलब्ध
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन निःशुल्क उपलब्ध
By ACGN 7647981711, 9303948009
किशोरियों के लिए सुरक्षा कवच, जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा मुफ्त टीकाकरण अभियान
कोरबा जिले में महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की गई है। यह टीकाकरण 17 मार्च 2026 से जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह अभियान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोंड़ी उपरोड़ा, स्वामी बिसाहू दास स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय कोरबा तथा रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरबा में संचालित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीका विशेष रूप से किशोरियों के लिए प्रभावी माना जाता है और इससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। टीकाकरण के लिए वे किशोरियां पात्र हैं जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो, लेकिन 15 वर्ष का जन्मदिन अभी न मनाया हो।
आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य किया जाएगा। यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है तो अभिभावक द्वारा हस्ताक्षरित शपथ पत्र भी स्वीकार किया जाएगा। टीकाकरण के बाद लाभार्थियों का पंजीयन यू-विन पोर्टल पर किया जाएगा और उन्हें डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
इस अभियान को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी लेकिन 15 वर्ष से कम उम्र की पुत्रियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं और उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करें।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और इसका उद्देश्य समाज में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम को मजबूत करना है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






