गोपालपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र का भूमिपूजन, निवेश और रोजगार को मिलेगा नया विस्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
27 एकड़ में विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र, उद्योगों के साथ स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
कोरबा। दर्री तहसील अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की।

कोरबा जिले के दर्री तहसील अंतर्गत गोपालपुर में विकसित होने वाला यह औद्योगिक क्षेत्र कोरबा जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल है। यह केवल एक परियोजना की शुरुआत नहीं बल्कि जिले के आर्थिक विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।


कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए पहले छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक विश्वेश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि कोरबा जिले में लगभग 11 हेक्टेयर क्षेत्र में इस नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और इसके लिए टेंडर की कार्यवाही जारी है। उन्होंने बताया कि सभी कार्यों को पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाएगा। नई औद्योगिक नीति के तहत एमएसएमई, स्टार्टअप और नए उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है

ताकि अधिक से अधिक उद्योग स्थापित हों और रोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने कहा कि “वन क्लिक सिंगल विंडो” प्रणाली के माध्यम से निवेशकों और उद्यमियों को एक ही मंच पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया और अधिक आसान हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि कोरबा जिले में और भी स्थान का चयन किया जा रहा है वर्तमान में सबसे पहले गोपालपुर में एवं रामपुर विकास विधानसभा अंतर्गत ग्राम चंपा के पास औद्योगिक इकाई के लिए भूमि का चयन किया गया है

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि प्रस्तावित औद्योगिक पार्क से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें रोजगार सृजक के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट रायपुर द्वारा दो माह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसमें बिना किसी पूर्व अनुभव के भी युवा भाग लेकर उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि यह औद्योगिक पार्क कोरबा जिले के विकास के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। इससे जिले की पहचान को नई दिशा मिलेगी और युवाओं तथा श्रमिकों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के कारण निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति युवाओं और नवोदित उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। गोपालपुर के इस औद्योगिक क्षेत्र में 44 औद्योगिक इकाइयों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि उद्योगों को आकर्षित करने के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और पात्र इकाइयों को कुल निवेश का लगभग 65 प्रतिशत तक सहायता या अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।

उद्योग मंत्री लखन देवांगन ने कहा कि गोपालपुर में विकसित होने वाला यह औद्योगिक क्षेत्र कोरबा जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल है। यह केवल एक परियोजना की शुरुआत नहीं बल्कि जिले के आर्थिक विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। लगभग 10.900 हेक्टेयर यानी करीब 27 एकड़ भूमि पर लगभग 10.59 करोड़ रुपये की लागत से इस औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जाएगा। वर्ष 1980 के बाद पहली बार कोरबा जिले में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है,

जिससे जिले में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में उद्योगों के विस्तार और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। आने वाले समय में प्रदेश में कई नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, जिनमें कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चाम्पा में भी नया औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जाएगा।

मंत्री देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति निवेशकों और आम नागरिकों दोनों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है, जिससे निवेशकों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। भूमि आवंटन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार की संभावनाएं कम होंगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए मात्र एक रुपये में भूमि उपलब्ध कराने का प्रावधान भी किया गया है, ताकि वे भी उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें।

कार्यक्रम में कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को कोरबा जिले के औद्योगिक विकास और क्षेत्रीय समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
3356181853286082473.jpg)
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






