नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में उमड़ा महिलाओं का जनसैलाब, महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री के प्रति जताया आभार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
महापौर संजू देवी राजपूत की अगुवाई में राजीव गांधी सभागार में हुआ भव्य आयोजन, मानव श्रृंखला और हस्ताक्षर अभियान से महिलाओं ने दिया एकजुटता का संदेश

कोरबा: नारी शक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की सशक्त भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से कोरबा नगर में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। नगर की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अगुवाई में टीपी नगर स्थित राजीव गांधी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में एक हजार से अधिक महिलाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का स्वागत करते हुए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया और महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ऐसे दूरदर्शी प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने महिलाओं के हित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज के प्रत्येक क्षेत्र में उनकी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को तैंतीस प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय देश की महिलाओं के लिए गौरव का विषय है और यह निर्णय आने वाले समय में देश के विकास को नई दिशा देगा।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान ने समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और जागरूकता को बढ़ाया है। उन्होंने यह भी कहा कि आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आसीन होना महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाओं, चिकित्सकों, अभियंताओं, अधिवक्ताओं, स्व सहायता समूहों की महिलाओं तथा गृहिणियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सम्मेलन में महिलाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिले लाभों के बारे में अपने अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना तथा उज्ज्वला योजना सहित अनेक योजनाओं की महिला हितग्राहियों ने बताया कि इन योजनाओं से उन्हें आर्थिक संबल मिला है और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर महिला एकजुटता और सशक्तिकरण का संदेश दिया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर पट्टिका पर अपने हस्ताक्षर करते हुए महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया।

इस भव्य कार्यक्रम में वीना शर्मा, रूखमणी नायर, प्रीति स्वर्णकार, संतोषी दीवान, ज्योति पाण्डेय, वैशाली रत्नपारखी, प्रियंका मिश्रा सारिका यादव, पुष्पा नवरंग, रजनी मौर्य, नागज्योति राठौर, शिल्पा दाडेकर, बबीता उपाध्याय, वंदना गुप्ता, कल्पना पाण्डेय, सुमन तिवारी, मीनू त्रिवेदी, विजयलक्ष्मी तिवारी, ऋषि सचदेवा, सुधा दुबे, श्रीमती शिव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






