बस्तर में स्वास्थ्य क्रांति की नई शुरुआत सुकमा में अटल आरोग्य लैब का राज्यस्तरीय शुभारंभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सुकमा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ, अब प्रदेश के 1046 स्वास्थ्य संस्थानों में मिलेगी 133 प्रकार की मुफ्त जांच सुविधा
सुकमा: बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा जिला चिकित्सालय में ‘अटल आरोग्य लैब’ का राज्यस्तरीय शुभारंभ किया। इस पहल से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के नागरिकों को आधुनिक और सुलभ जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि प्रदेश के हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, किफायती और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि अटल आरोग्य लैब योजना के माध्यम से अब प्रदेश के 1046 स्वास्थ्य संस्थानों, जिनमें जिला अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक शामिल हैं, में मुफ्त जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी जिससे लाखों नागरिकों को सीधे लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अत्याधुनिक डिजिटल प्रणाली के माध्यम से मरीजों को 133 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। जांच रिपोर्ट एसएमएस और व्हाट्सऐप के माध्यम से सीधे मरीजों तक पहुंचेगी जिससे उन्हें बार बार अस्पताल आने की आवश्यकता नहीं होगी और उपचार प्रक्रिया भी तेज होगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और सुलभ बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की डायग्नोस्टिक व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि रक्त जांच सहित विभिन्न बीमारियों की पहचान समय रहते की जा सके और मरीजों का इलाज जल्द शुरू हो सके। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि अब यहां के नागरिकों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि सुकमा जिला चिकित्सालय में पहले से ही ब्लड बैंक, सोनोग्राफी, एक्सरे, ईसीजी, आपातकालीन सेवाएं, सीजेरियन प्रसव, एनआरसी और डायलिसिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब अटल आरोग्य लैब के शुरू होने से यहां की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ और व्यापक हो जाएंगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






