उद्योग मंत्री के जन्म दिवस पर लघु व्यवसायियों को मिली आनंद बाजार वेंडिंग जोन की सौगात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
रोड साईट व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को मिली स्थायी दुकानें, अब हटाए जाने का नहीं रहेगा डर
कोरबा ACGN: प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने जन्म दिवस के अवसर पर कोरबा के लघु व्यवसायियों को बड़ी सौगात देते हुए आनंद बाजार वेंडिंग जोन का लोकार्पण किया। बुधवारी बाजार पार्किंग जोन में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में इस वेंडिंग जोन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री और महापौर ने कई लघु व्यवसायियों को दुकानों की चाबियां सौंपकर उन्हें स्थायी स्थान उपलब्ध कराया।

ज्ञात हो कि कोरबा शहर में बड़ी संख्या में छोटे व्यवसायी सड़क किनारे और फुटपाथ पर अपने व्यवसाय संचालित करते हैं। ऐसे व्यवसायियों को अक्सर स्थल से हटाए जाने का डर बना रहता है, जिससे उनके रोजगार पर प्रभाव पड़ता है और शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा बुधवारी बाजार के सामने स्थित पार्किंग स्थल मैदान के किनारे 53 दुकानों से युक्त वेंडिंग जोन का निर्माण कराया गया है, जिसे लघु व्यवसायियों को आबंटित किया जा रहा है।

रोड साईट व्यवसायियों के दुख-दर्द से भलीभांति परिचित हैं मंत्री
इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि उनके पिताजी और वे स्वयं भी कभी सड़क किनारे दुकान लगाकर व्यवसाय करते थे, इसलिए वे रोड साईट व्यवसाय करने वाले व्यापारियों की समस्याओं को भलीभांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि ऐसे व्यापारियों के हितों की रक्षा की जाएगी और जब तक उन्हें स्थायी स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक उन्हें हटाया नहीं जाएगा। उन्होंने इस पहल के लिए महापौर संजूदेवी राजपूत का आभार भी व्यक्त किया।

आज मेरे लिए दोहरी खुशी का दिन – महापौर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि आज उनके लिए दोहरी खुशी का दिन है। एक ओर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन का जन्म दिवस है और दूसरी ओर इस अवसर पर सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को स्थायी स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री देवांगन के मार्गदर्शन में नगर निगम लगातार छोटे व्यापारियों के हित में कार्य कर रहा है।

निगम के सभी जोनों में बनाए जा रहे वेंडिंग जोन
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा उद्योग मंत्री के निर्देश और महापौर संजूदेवी राजपूत तथा आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न जोनों में वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि फुटपाथ और सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को स्थायी स्थान मिल सके और वे बिना किसी भय के अपना व्यवसाय कर सकें।

व्यवसायियों को दी गई दुकानों की चाबियां
इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने कई व्यवसायियों को दुकानों की चाबियां सौंपी। इनमें राजू गुप्ता, विनोद कुमार राठौर, नवोदित जैन, मनीष साहू, चंद्रिका देवांगन, मीना देवी, साहेब दास, राजेश सिंह, दीपू कुमार, जीतन दास, लता अभिषेक और मोहम्मद मुस्तफा सहित अन्य व्यवसायी शामिल हैं।


कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, लक्ष्मण श्रीवास, पंकज देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, मनोज अग्रवाल, रूखमणी नायर, नरेन्द्र पाटनवार, दीनू महाराज, कृष्णा द्विवेदी, दुष्यंत शर्मा, आकाश श्रीवास्तव, मनोज राजपूत, अनिल यादव, सुरेन्द्र राजवाड़े सहित निगम के अधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता, देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






