अंबिकापुर की दर्दनाक घटना के बीच ‘अनोखी सोच’ संस्था ने निभाया मानवता का फर्ज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
असहाय बेटे की मदद कर संस्था ने कराया महिला का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार
सरगुजा ACGN:- अंबिकापुर शहर में हाल ही में घटित एक हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गंगापुर भुईयापाड़ा की 45 वर्षीय महिला महेंद्रो बाई के साथ दुष्कर्म के बाद हुई निर्मम हत्या की घटना से जहां पूरे समाज में आक्रोश और शोक का माहौल है, वहीं इस दुखद परिस्थिति के बीच मानवता की एक अनोखी मिसाल भी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार मृतिका के परिवार में उसका एकमात्र पुत्र ही है, जो आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अपनी मां का अंतिम संस्कार करने में असमर्थ था। ऐसे कठिन समय में परिवार पूरी तरह असहाय स्थिति में था। इसी दौरान मृतिका के पुत्र को अंबिकापुर की सामाजिक संस्था ‘अनोखी सोच’ के बारे में जानकारी मिली, जो जरूरतमंद और असहाय लोगों के अंतिम संस्कार में सहयोग करती है।
बताया गया कि पुत्र ने तत्काल संस्था के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साहू से संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साहू और उनके साथियों ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए मदद का भरोसा दिया। इसके बाद संस्था के सदस्यों ने गंगापुर स्थित मुक्तिधाम में मृतिका का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ संपन्न कराया।
इस दौरान संस्था के सदस्यों ने न केवल अंतिम संस्कार की पूरी व्यवस्था संभाली बल्कि शोक संतप्त परिवार को मानसिक और सामाजिक संबल भी प्रदान किया। इस पुनीत कार्य में सूर्य प्रकाश साहू, अभय साहू, पंकज चौधरी, संजु चटर्जी, मोती ताम्रकार, सुनील साहू, चंद्रप्रताप सिंह, बिट्टू मिश्रा, अजय ताम्रकार और निशांत जायसवाल सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एक ओर जहां इस तरह की जघन्य घटना समाज को शर्मसार करती है, वहीं दूसरी ओर ‘अनोखी सोच’ संस्था का यह मानवीय कार्य यह संदेश देता है कि आज भी समाज में करुणा, सहानुभूति और मानवता जीवित है। संस्था की यह पहल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और समाज के लिए एक सकारात्मक प्रेरणा के रूप में सामने आई है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल – अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


