महंगाई पर कांग्रेस का तीखा प्रहार, गैस मूल्य वृद्धि को बताया आर्थिक कुप्रबंधन का परिणाम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कमर्शियल और घरेलू गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
कोरबा, । कोरबा में बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई वृद्धि को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर और ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलता के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है।
शहर जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने एक बार फिर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इससे पहले मार्च माह में भी कमर्शियल गैस के दाम में 114 रुपये की वृद्धि की गई थी। वहीं पिछले सप्ताह घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में भी 62 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस के दामों में लगातार वृद्धि से होटल, रेस्टोरेंट, चौपाटी, ठेले और गुमटी में मिलने वाले नाश्ते और भोजन की कीमतों में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा और परिवारों का आर्थिक संतुलन बिगड़ सकता है।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि खाद्य तेल, अनाज, दूध सहित रोजमर्रा की लगभग सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं, जिससे आम आदमी के रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल जो पहले लगभग 70 रुपये प्रति लीटर मिलता था, वह अब बढ़ते-बढ़ते 200 रुपये तक पहुंच गया है। इसी प्रकार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 350 रुपये से बढ़कर लगभग 1000 रुपये तक पहुंच गई है और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत भी 800 रुपये से बढ़कर लगभग 2000 रुपये तक पहुंचने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि तेल, गैस और खाद्यान्न के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम आदमी का जीवन स्तर लगातार गिरता जा रहा है और आम जनता महंगाई के बोझ तले दबती जा रही है।
मनोज चौहान ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। एक ओर चुनिंदा पूंजीपति देश के संसाधनों और सार्वजनिक उपक्रमों पर नियंत्रण स्थापित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम जनता महंगाई के दौर में अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है और बेलगाम महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है।
ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की कानूनी गारंटी का प्रावधान किया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे केवल एक योजना तक सीमित कर दिया है, जिससे गरीबों के रोजगार के अधिकार पर असर पड़ा है और आम जनता की आय लगातार घट रही है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर गरीब और मजदूर वर्ग पर पड़ा है, जो दिन-प्रतिदिन आर्थिक रूप से कमजोर होता जा रहा है।
दर्री ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, बालको ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, कुसमुंडा ब्लॉक अध्यक्ष बसंत चंद्रा, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, सुकसागर निर्मलकर, जवाहर निर्मलकर, प्रदीप जायसवाल, देवीदयाल सोनी, बुद्धेश्वर चौहान, सुरती कुलदीप, अश्वनी पटेल, रोपा तिर्की और इकबाल कुरैशी ने भी बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल, अनाज, गैस, रेल टिकट, स्कूल-कॉलेज की शिक्षा शुल्क, बिजली बिल, पेयजल शुल्क, सफाई कर और संपत्ति कर जैसे दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि ने आम जनता का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






