मुख्यधारा की ओर लौटता विश्वास: 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाद, विश्वास और विकास की राह पर लौटे पूर्व नक्सली, मुख्यमंत्री ने कहा यह छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य का संकेत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शांति, विश्वास और विकास की दिशा में एक सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। बीजापुर और कांकेर जिलों से आए 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर मुख्यधारा में लौटने की खुशी साझा की। इस मुलाकात ने प्रदेश में नक्सलवाद के कमजोर पड़ते प्रभाव और बदलते सामाजिक माहौल का संकेत दिया है।
मुख्यमंत्री ने आत्मसमर्पित नक्सलियों से आत्मसमर्पण से पहले के जीवन, जंगलों में बिताए कठिन दिनों और वर्तमान परिस्थितियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। संवाद के दौरान कई लोगों ने बताया कि उनका जीवन अब पूरी तरह बदल चुका है। जहां पहले वे भय, असुरक्षा और संघर्ष के माहौल में जंगलों के बीच जीवन बिताने को मजबूर थे, वहीं अब वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।

कई आत्मसमर्पित नक्सलियों ने कहा कि उनके क्षेत्रों में अब सड़कों, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। इससे गांवों में विकास की नई उम्मीद जगी है और लोगों का जीवन पहले की तुलना में अधिक सहज हुआ है। कुछ लोगों ने भावुक होकर बताया कि उन्होंने पहली बार होली जैसे त्योहार को परिवार के साथ मनाया, जो उनके लिए एक बेहद नया और सुखद अनुभव रहा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी का मुख्यधारा में स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल व्यक्तिगत बदलाव नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल और शांतिपूर्ण भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र पर विश्वास जताकर इन सभी ने समाज के सामने एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास, रोजगार और सामाजिक पुनर्स्थापन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सलवाद उन्मूलन के संकल्प को जल्द ही पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और बेबाक सच्ची खबरों के साथ अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






