डी ए वी स्कूल में आरटीई बच्चों से मजदूरी कराने का आरोप, प्रिंसिपल पर गंभीर शिकायत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
परिजनों ने कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी व बाल संरक्षण विभाग से की जांच की मांग
सूरजपुर ACGN:- जिला मुख्यालय से सटे तिलसिंवा स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल पर शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत पढ़ने वाले बच्चों से मजदूरी कराने, प्रताड़ित करने और टीसी काटने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

इस मामले को लेकर परिजनों ने कलेक्टर जनदर्शन, जिला शिक्षा अधिकारी और बाल संरक्षण विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि आरटीई कोटे से प्रवेश लेने वाले बच्चों को पढ़ाई के समय पुताई, रंगाई, सीमेंट मसाला तैयार करने, फावड़ा चलाने और बेंच ढोने जैसे कार्य कराए जाते हैं। बच्चों का आरोप है कि उन्हें यह कहकर अपमानित किया जाता है कि वे सरकारी कोटा के छात्र हैं और मुफ्त में पढ़ रहे हैं, इसलिए उन्हें काम करना पड़ेगा। टीसी काटने और परीक्षा में नंबर कम देने की धमकी भी दी जाती है।
कुछ परिजनों का कहना है कि विरोध करने पर उनके बच्चों का नाम स्कूल से काट दिया गया। एक महिला अभिभावक ने आरोप लगाया कि केवल आरटीई के तहत पढ़ने के कारण उनके बच्चे को अपमानित किया गया और अंततः मजबूरी में स्कूल छोड़ना पड़ा।
बच्चों ने भी डरे-सहमे स्वर में बताया कि स्कूल समय में उनसे श्रम कार्य कराए जाते थे, जिससे उनके हाथों में छाले तक पड़ गए।
मामले में यह भी आरोप सामने आया है कि आरटीई कोटे से पढ़ने वाले बच्चों पर दबाव बनाकर उन्हें हटाया जाता है और बाद में उसी सीट पर अन्य विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है। सोशल मीडिया पर स्कूल से जुड़े कुछ वीडियो भी वायरल हुए हैं, जिनके आधार पर परिजन आरोपों की पुष्टि होने की बात कह रहे हैं।
पूरे मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। सभी बिंदुओं पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि जांच में बच्चों और परिजनों के बयान दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई होती है या नहीं। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और अभिभावक निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






