मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
देश के कोने-कोने की सकारात्मक पहल को सामने लाता है ‘मन की बात’ : मुख्यमंत्री
रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड का श्रवण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला सशक्त संवाद बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के कोने-कोने में हो रहे प्रेरक प्रयासों और असाधारण उपलब्धियों को सामने लाने वाला मंच है, जिससे समाज में सेवा और सहभागिता की भावना मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और संभावनाओं का उल्लेख किया। दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में भारत की तकनीकी शक्ति को विश्व स्तर पर सराहना मिली और ‘मेड इन इंडिया’ के तीन एआई मॉडल लॉन्च होना देश की नवाचार क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भी स्टार्टअप संस्कृति और मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से तकनीकी नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र में देश की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि भारत में धान की 500 से अधिक किस्मों की खेती हो रही है और देश विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बन चुका है। इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ सहित देशभर के किसानों की मेहनत, वैज्ञानिकों के अनुसंधान और सरकार की नीतियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमूल के माध्यम से पशु चिकित्सा और डेयरी प्रबंधन में एआई के उपयोग तथा सुश्रुत संहिता जैसे प्राचीन ग्रंथों के संरक्षण का उल्लेख भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने केरल की 10 माह की बालिका आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान निर्णय को मानवता की अनुपम मिसाल बताते हुए कहा कि यह समाज में जागरूकता बढ़ाने वाला प्रेरक कदम है। साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा डिजिटल फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने के संदेश को भी आज के समय में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ का प्रत्येक एपिसोड आत्मनिर्भर भारत, तकनीकी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में देश के बढ़ते कदमों का सशक्त उदाहरण है, जो नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






