मुंगेली की सुप्रिया बनी लेफ्टिनेंट, सीडीएस में ऑल इंडिया चौथा रैंक
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली – छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित, युवाओं से कहा लक्ष्य स्पष्ट रखो और आगे बढ़ो
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि मुंगेली जिले की सुप्रिया सिंह श्रीनेत ने सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा रैंक हासिल कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयन पाया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय में उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सुप्रिया और उनके परिजनों को पुष्पगुच्छ भेंटकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रिया की सफलता यह साबित करती है कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो साधारण परिवार का युवा भी बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे सुप्रिया से प्रेरणा लेकर अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करें। इस अवसर पर मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार भी मौजूद रहे।
ग्राम टेढ़ाधौंरा की 23 वर्षीय सुप्रिया किसान परिवार से आती हैं। उनकी माता संतोषी सिंह श्रीनेत और पिता वैदेही शरण सिंह ने हमेशा उन्हें शिक्षा और अनुशासन का महत्व सिखाया। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की। दसवीं में 71 प्रतिशत और बारहवीं में 58 प्रतिशत अंक हासिल करने के बाद उन्होंने बीटेक इलेक्ट्रॉनिक एंड टेलीकम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री ली।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान उन्होंने एनसीसी जॉइन किया और अपने नेतृत्व कौशल के दम पर जूनियर अंडर ऑफिसर के पद तक पहुंचीं। एनसीसी के प्रशिक्षण ने उनके भीतर अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत किया। यहीं से सेना में अधिकारी बनने का सपना आकार लेने लगा।
साल 2023 में इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद सुप्रिया ने पूरी लगन के साथ सीडीएस परीक्षा की तैयारी शुरू की। नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने एसएसबी साक्षात्कार में शानदार प्रदर्शन किया और ऑल इंडिया चौथा रैंक प्राप्त किया।

उनकी यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए एक मजबूत संदेश है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। पढ़ाई के साथ-साथ सुप्रिया सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं और नृत्य उनकी विशेष रुचि है, जिसने उनके व्यक्तित्व को और निखारा।
सुप्रिया सिंह श्रीनेत की यह उपलब्धि मुंगेली सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन गई है।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






